मुंबई / 793 अंक लुढ़का सेंसेक्स, 2019 में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज

Dainik Bhaskar : Jul 08, 2019, 06:32 PM
मुंबई. शेयर बाजार हफ्ते के पहले दिन भारी नुकसान में रहा। सेंसेक्स 792.82 अंक की गिरावट के साथ 38,720.57 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान कारोबार के दौरान 907 अंक लुढ़क कर 38,605.48 पर आ गया था। निफ्टी की क्लोजिंग 252.55 प्वाइंट नीचे 11,558.60 पर हुई। इंट्रा-डे में 288 अंक गिरकर 11,523.30 का निचला स्तर छुआ था। सेंसेक्स की सोमवार की गिरावट इस साल एक दिन का सबसे बड़ा नुकसान है।

विश्लेषकों का कहना है कि बजट की घोषणाएं शायद निवेशकों को रास नहीं आईं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को बजट में कहा था कि लिस्टेड कंपनियों में पब्लिक शेयर होल्डिंग 25% से बढ़ाकर 35% करने के लिए सेबी से कहा है। वित्त मंत्री ने 2 से 5 करोड़ रुपए और 5 करोड़ रुपए से ज्यादा सालाना आय वालों पर सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान भी किया। विश्लेषकों के मुताबिक सरचार्ज की बढ़ी दरें शेयर बाजार से पैसा कमाने पर लगने वाले लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स और शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन टैक्स पर भी असर डालेंगी। वहीं, विदेशी बाजारों में आज की गिरावट के असर से भी भारतीय बाजार में बिकवाली बढ़ी है।

2 सत्रों में निवेशकों को 5 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ

सेंसेक्स शुक्रवार को 394.67 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था। शुक्रवार और सोमवार की गिरावट से बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपए घटकर 148.08 लाख करोड़ रुपए रह गया। पिछले गुरुवार को यह 153.58 लाख करोड़ रुपए था।

पीएनबी का शेयर 11% लुढ़का

सेंसेक्स के 30 में से 27 और निफ्टी के 50 में से 45 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का ज्यादा दबाव रहा। मारुति का शेयर 5% नुकसान में रहा। पीएनबी का शेयर 11% लुढ़क गया। पीएनबी ने शनिवार को बताया कि भूषण पावर एंड स्टील के 3,800 करोड़ रुपए के फ्रॉड का पता चला है। आरबीआई को इसकी जानकारी दे दी गई है। कारोबारियों के मुताबिक इस घोटाले की वजह से पीएनबी शेयर में बिकवाली बढ़ गई।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER