मौसम / हिमाचल में बर्फबारी से प्रदेश के कई हाइवे बंद, जेसीबी से हटा रहे है बर्फ

Dainik Bhaskar : Jan 07, 2020, 04:45 PM
कुल्लू. लगातार बर्फबारी के बीच प्रदेश के कई नेशनल हाइवे और अन्य छोटी सड़कें बंद हो गई हैं। सड़कों पर बर्फ जमने से वाहनों के पहिए नहीं चल पा रहे हैं। कई स्थानों पर प्रशासन की ओर से बर्फ से भरी पड़ी सड़कों से बर्फ को हटाने का काम शुरू किया गया है। 

औट-लुहरी नेशनल हाईवे-305 को बहाल करने का कार्य शुरू हो गया है। इस मार्ग में उप मंडल मुख्यालय की ओर से जेसीबी के माध्यम से सड़क से बर्फ को हटाने का कार्य सुबह से शुरू हो गया है। जेसीबी सड़क से बर्फ को हटाते हुए खनाग क्रॉस कर चुकी है, जो लगातार जोड़ी पास की ओर बढ़ रही है। हालांकि आसमान से बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। इसके बावजूद जेसीबी इस मार्ग से बर्फ को हटाने का कार्य कर रही है।

बर्फबारी होने के कारण औट-लुहरी एनएच 305 पिछले 6 दिनों से यातायात के लिए बंद पड़ा है। जलोड़ी पास में अब तक 3 फुट के करीब बर्फ की परत जम चुकी है जिस कारण वाहनों की आवाजाही के साथ-साथ पैदल आवाजाही के लिए भी यहां मार्ग बंद पड़ा है। परंतु बरसते मौसम में भी सड़क बहाली के कार्य शुरू होने से लोगों में इस मार्ग के जल्द खुलने की उम्मीद जा गई है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER