बॉलीवुड / ईद पर शाहरुख खान के फैन्स की पूरी हुई ‘मन्नत’, सलमान ने भी बालकनी पर आकर दिखाई झलक

Zoom News : May 03, 2022, 10:02 PM
बॉलीवुड | ईद पर हर साल शाहरुख खान और सलमान खान के घर के बाहर भारी भीड़ जुटती है। कोरोना की वजह से बीते दो साल से ऐसा नहीं हो पाया था। इस बार जब स्थिति सामान्य है तो ईद धूमधाम से सेलिब्रेट की जा रही है। आज सुबह से ही शाहरुख खान और सलमान खान के घर के बाहर फैन्स का हुजूम इकट्ठा था। सभी इंतजार कर रहे थे कि कब उनके चहेते सितारे बाहर निकलेंगे और अपनी एक झलक दिखाएंगे। आखिरकार शाम होते-होते उन्होंने अपने फैन्स की इच्छा पूरी कर दी। यह उनके लिए ईदी से कम नहीं है। 

मन्नत की बालकनी पर शाहरुख

शाहरुख हर खास मौके पर अपने बंगले मन्नत की बालकनी पर आते हैं। उन्होंने वहां खड़े होकर फैन्स को हाथ हिलाया और उनका शुक्रिया किया। किंग खान इस दौरान कैजुअल लुक में थे। उन्होंने ब्लू कलर की टीशर्ट के साथ ब्लू डेनिम पहनी हुई थी। इसके साथ उन्होंने ब्लू कलर के सनग्लासेस लगा रखे थे। गौरतलब है कि आर्यन केस के बाद यह पहली बार है जब शाहरुख बालकनी से इस तरह फैन्स से मिलने पहुंचे। इससे पहले वह अपने जन्मदिन पर नहीं आए थे। आमतौर पर वह जन्मदिन पर भी इसी तरह बालकनी पर आते हैं। 

ट्वीट  कर दी बधाई

शाहरुख ने अपनी तस्वीरों के साथ एक पोस्ट भी शेयर किया। उन्होंने लिखा- ‘ईद पर आप सभी से मिलकर अच्छा लगा… अल्लाह आपको खुशियां दे। ईद मुबारक।‘

फैन्स से मिले सलमान खान

दूसरी ओर सलमान खान के घर के बाहर से वीडियो और तस्वीरें आई हैं। जहां हजारों की संख्या में फैन्स जुटे दिखे। सलमान अपने घर की बालकनी में आए। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को सलाम किया। सामने लोगों की भीड़ को देखा जा सकता है। सलमान ने ईद के मौके पर ब्लू कलर का कुर्ता पहना हुआ है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER