नई दिल्ली / थरूर ने कहा- अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका के चुनाव लड़ने का फैसला गांधी परिवार करेगा

Dainik Bhaskar : Jul 29, 2019, 11:34 AM
नई दिल्ली. कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी या नहीं, इसका फैसला गांधी परिवार करेगा। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि वह इस पद के लिए उम्मीदवार हो सकती है। लोकसभा चुनाव में हार के बाद 25 मई को राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्होंने ट्विटर पर भी इसका ऐलान किया।

थरूर ने एक न्यूज एजेंसी के साथ इंटरव्यू में कहा कि राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद नेतृत्व की कमी होने से पार्टी को अधिक नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए आगे का रास्ता अध्यक्ष के चुनाव होने के बाद ही खुल सकेगा। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के उस बयान का भी समर्थन भी किया जिसमें उन्होंने कहा था कि इस मोड़ पर एक युवा नेता ही कांग्रेस का नेतृत्व करने के लिए अधिक उपयुक्त होगा।

सीडब्ल्यूसी मौजूदा स्थिति को लेकर अधिक गंभीर

उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से सच है कि पार्टी प्रमुख पद को लेकर स्पष्टता की कमी के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को नुकसान पहुंचा सकती है। थरूर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) मौजूदा स्थिति को लेकर बहुत गंभीर है और बिना किसी देरी के समाधान खोजने की पूरी कोशिश कर रही है।

कांग्रेस को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं: थरूर

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पार्टी की मौजूदा स्थिति को लेकर निराशा व्यक्त की और कहा- वर्तमान में हम जिस स्थिति का सामना कर रहे हैं उस बारे में हम कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकते। सीडब्ल्यूसी के लिए एक तरीका यह हो सकता है कि पहले वह पार्टी के लिए एक अंतरिम कार्यकारी अध्यक्ष का नाम रखे और फिर बाद में इसे भंग कर मुख्य अध्यक्ष के पद के लिए नए सिरे से चुनाव करवाए जाएं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER