Punjab / पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या, भगवंत मान सरकार ने कल ही हटाई थी पुलिस सुरक्षा

Zoom News : May 29, 2022, 07:48 PM
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मानसा जिले के जवाहरके गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। एक दिन पहले शनिवार को पंजाब की मान सरकार ने मूसेवाला से वीआईपी सुरक्षा को वापस ले लिया था। गोली लगने के बाद मूसेवाला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार, पंजाब गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला को मानसा गांव में कुछ बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मूसेवाला के साथ  की हत्या के बाद पंजाब सरकार पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि, एक दिन पहले ही भगवंत मान सरकार ने मूसेवाला समेत 424 लोगों की पुलिस सुरक्षा वापस ले ली थी।

सिद्धू मूसेवाला ने पंजाब विधानसभा का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर मानसा से लड़ा था और उन्हें आप उम्मीदवार विजय सिंगला ने 63,000 मतों के भारी अंतर से हराया था। विजय सिंगला को हाल ही में पंजाब के सीएम भगवंत मान ने भ्रष्टाचार के आरोप में बर्खास्त कर दिया था।

पिछले महीने, सिद्धू मूसेवाला ने अपने नवीनतम गीत 'बलि का बकरा' में आम आदमी पार्टी और उसके समर्थकों को निशाना बनाने के बाद एक विवाद खड़ा कर दिया था। गायक ने कथित तौर पर अपने गाने में आप समर्थकों को 'गद्दार' (देशद्रोही) कहा था।

कल ही हटाई गई थी पुलिस सुरक्षा

शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य में 424 लोगों को दी गई सुरक्षा वापस लेने का फैसला लिया था। जिन लोगों की सुरक्षा हटाई गई है उनमें कई सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, धर्मगुरु और राजनीतिक हस्तियां शामिल हैं। इससे पहले अप्रैल में पंजाब सरकार ने पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों और अन्य नेताओं सहित 184 लोगों की सुरक्षा वापस लेने का आदेश दिया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER