कोच्चि / सिरफिरे आशिक ने 17 वर्षीय लड़की को जिंदा जलाया, फिर लगाया गले, दोनों की मौत

Live Hindustan : Oct 10, 2019, 07:11 PM
कोच्चि | केरल के कोच्चि में गुरुवार तड़के एक व्यक्ति ने 17 वर्षीय लड़की को उसके घर पर कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला कर मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि उत्तरी परवु निवासी मिधुन के ने बारहवीं की छात्रा देविका पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने से छात्रा और आरोपी दोनों की मौत हो गई।

यह घटना इंफो पार्क पुलिस थाने के अंतर्गत कक्कानाड के अथानी में घटी। पुलिस को शक है कि युवक ने लड़की को आग लगाने के बाद खुद को मारने के लिए लड़की को गले लगा लिया।

आरोपी से अपनी बेटी को बचाने की कोशिश में लड़की के पिता आग में झुलस गए। लड़की के पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी मिधुन रात में सवा बारह बजे लड़की के घर पहुंचा। जब लड़की के पिता ने दरवाजा खोला तो उसने लड़की से मिलने की मांग की। लड़की के बाहर आते ही आरोपी ने उस पर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी।

पड़ोसियों के सूचित करने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। अस्पताल ले जाए जाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि लड़की द्वारा प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने पर युवक ने यह कदम उठाया। थ्रीक्काकारा के विधायक पी टी थॉमस पीड़िता के निवास पर पहुंचे। इस घटना की निंदा करते हुए थॉमस ने मामले की जांच की मांग की है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER