मुंबई / सेंसेक्स 675 अंक टूटकर 36450 के नीचे आया, निफ्टी में 209 प्वाइंट की गिरावट

Dainik Bhaskar : Aug 05, 2019, 10:40 AM
मुंबई. शेयर बाजार गिरावट जारी है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 675 अंक लुढ़क कर 36,443.41 पर आ गया। निफ्टी में 209 प्वाइंट का नुकसान देखा गया। इसने 10,788.60 का निचला स्तर छुआ।

सेंसेक्स के 30 में से 28 और निफ्टी के 50 में से 48 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस का शेयर 6% टूट गया। वेदांता में 5% नुकसान देखा गया। टाटा मोटर्स का शेयर 4% नीचे आ गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 3% गिरावट आ गई।

विश्लेषकों के मुताबिक कमजोर विदेशी और घरेलू संकेतों से बाजार में गिरावट आई। अमेरिका ने पिछले हफ्ते ऐलान किया था कि चीन के 300 अरब डॉलर के अतिरिक्त इंपोर्ट पर 1 सितंबर से 10% टैरिफ लगाया जाएगा। इस वजह से चीन की मुद्रा युआन अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सोमवार को 1% से ज्यादा कमजोर होकर 11 साल के निचले स्तर पर आ गई। दूसरे देशों की करंसी पर भी इसका असर हुआ। डॉलर के मुकाबले रुपया 70.22 तक फिसल कर 3 महीने के निचले स्तर पर आ गया। शेयर बाजार पर भी इसका असर हुआ। दूसरी ओर कश्मीर के मुद्दे को लेकर भी निवेशकों के मन में चिंताएं हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER