मुंबई / सेंसेक्स में 665 और निफ्टी में 205 अंक की गिरावट, पीएनबी का शेयर 10% लुढ़का

Dainik Bhaskar : Jul 08, 2019, 12:15 PM
मुंबई. शेयर बाजार में आज तेज गिरावट आई है। सेंसेक्स 665 अंक लुढ़क कर 38,848.54 पर आ गया। निफ्टी में 205 प्वाइंट की गिरावट दर्ज की गई। इसने 11,605.75 का निचला स्तर छुआ। सेंसेक्स के 30 में से 25 और निफ्टी के 50 में से 44 शेयरों में नुकसान देखा गया। विश्लेषकों का कहना है कि बजट की घोषणाएं शायद निवेशकों को रास नहीं आईं। वहीं विदेशी बाजारों में आज की गिरावट के असर से भी भारतीय बाजार में बिकवाली बढ़ी है।

भूषण पावर एंड स्टील के फ्रॉड का पीएनबी के शेयर पर असर

पीएनबी ने शनिवार को बताया कि भूषण पावर एंड स्टील के 3,800 करोड़ रुपए के फ्रॉड का पता चला है। आरबीआई को इसकी जानकारी दे दी गई है। माना जा रहा है कि फ्रॉड की जानकारी सामने आने की वजह से ही शेयर में बिकवाली हो रही है। सोमवार को कारोबार के दौरान शेयर 10% लुढ़क गया।

माइंडट्री का शेयर 6.5% टूटा

लगातार चौथे कारोबारी सत्र में शेयर टूटा है। पिछले हफ्ते कंपनी के सीईओ और एमडी रोस्तो रावनन, एग्जीक्यूटिव चेयरमैन कृष्णकुमार नटराजन और एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन एनएस पार्थसारथी के इस्तीफे के बाद शेयर में बिकवाली तेज हो गई है।

ओएनजीसी के शेयर में 4.5% गिरावट

हीरो मोटोकॉर्प का शेयर 4.5% से ज्यादा टूट गया। एलएंडटी में 4% और मारुति में 3% गिरावट आ गई। ओएनजीसी का शेयर 4.5% लुढ़क गया। एसबीआई में 4% नुकसान देखा गया।

तेल कंपनियों के शेयर 5% तक लुढ़के

हिंदुस्तान पेट्रोलियम में 3.4% और भारत पेट्रोलियम में 2% नुकसान देखा गया। इंडियन ऑयल के शेयर में 4.5% से ज्यादा गिरावट आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड का रेट बढ़ने की वजह से तेल कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव है। सोमवार को क्रूड का रेट 0.1% बढ़कर 64.26 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

यस बैंक के शेयर में 6% बढ़त

दूसरी ओर सन फार्मा के शेयर में 1.5% उछाल आया। वेदांता और एचसीएल टेक में करीब 1-1 फीसदी की बढ़त देखी गई। यस बैंक के शेयर में 6% तेजी आई। पिछले 4 सत्रों से शेयर लगातार गिर रहा था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER