बॉलीवुड / सुशांत सिंह राजपूत का वीडियो हुआ वायरल, इस अभिनेत्री के साथ रोमांटिक डांस करते आए नजर

AMAR UJALA : Jul 07, 2020, 01:03 PM

बॉलीवुड डेस्क | अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को 20 दिन से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन अभिनेता के फैंस अभी भी उन्हें याद कर रहे हैं। सुशांत सिंह राजपूत के कई फैंस सोशल मीडिया पर उनके पुराने वीडियो लगातार साझा कर रहे हैं। इन दिनों सुशांत सिंह राजपूत का एक थ्रोबैक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। उनके इस वीडियो में टीवी अभिनेत्री अंकिता लोखंडे भी नजर आ रही हैं। 

सुशांत सिंह राजपूत ने अपने करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की थी। उनका टीवी सीरियल पवित्र रिश्ता काफी मशहूर हुआ था। इस सीरियल में सुशांत सिंह राजपूत के साथ अंकिता लोखंडे मुख्य भूमिका में थीं। छोटे पर्दे पर इन दोनों कलाकार की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था। यह वीडियो सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे के डांस का है। 

वीडियो में सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे फिल्म आजा नच ले के गाने 'ओ रे पिया' पर डांस करते दिख रहे हैं। वीडियो में इन दोनों कलाकारों की जोड़ी काफी शानदार नजर आ रही हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर  वायरल हो रहा है। सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे के फैंस के अलावा कई सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को पसंद कर रहे हैं और अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।

आपको बता दें कि अंकिता लोखंडे सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व गर्लफ्रेंड थीं। इन दोनों कलाकारों ने लंबे समय तक एक- दूसरे को डेट किया था। बात करें अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की तो उन्होंने बीते 14 जून को मुंबई में मौजूद अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अचानक हुई उनकी मौत ने हर किसी को हैरान करके रख दिया था। 

सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या करने का रास्ता क्यों चुना इसके बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस उनकी मौत की वजह की जांच कर रही हैं। सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर बॉलीवुड के कई सितारों सहित उनके करीबियों से भी मुंबई पुलिस पूछताछ कर रही है। हाल ही में मशहूर निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में अपना बयान दर्ज करवाया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER