बॉलीवुड / सुशांत सिंह राजपूत के अनसुलझे इंस्टाग्राम पोस्ट, शायद इसके जरिए बहुत कुछ बताना चाहते थे अभिनेता

AMAR UJALA : Jun 23, 2020, 08:36 AM
बॉलीवुड डेस्क| बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत तो दुनिया से चले गए। लेकिन सुशांत अपने पीछे कई सवाल छोड़कर गए हैं। ऐसे सवाल जिनका जवाब किसी के भी पास नहीं है। सारे सवालों के जवाब भी सुशांत के साथ ही चले गए हैं। सुशांत की मौत के बाद जो सबसे बड़ा सवाल उठा है वो यही है कि उन्होंने ये कदम क्यों उठाया? उनके फैंस और करीबियों का तो ये ही कहना है कि सुशांत बॉलीवुड में नेपोटिज्म का शिकार हुए हैं। जिसके चलते वो डिप्रेशन में थे और उन्होंने ये कदम उठा लिया।

सुशांत ने जब ये कदम उठाया उस समय उनके दिमाग में क्या चल रहा था ये किसी को भी नहीं पता। सुशांत सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहा करते थे। वो अक्सरलकई पोस्ट फैंस के साथ साझा करते थे। सुशांत के इंस्टाग्राम पोस्ट और पोस्ट में लिखे कैप्शन कुछ अनसुलझे से सवालों की तरह लगते थे। उनके सोशल मीडिया अकाउंट को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कई दिनों से सुशांत के दिमाग में काफी कुछ चल रहा था।

सुशांत के दिमाग में क्या कुछ चल रहा था। इसका राज कुछ हद तक उनके इंस्टाग्राम अकाउंट ने खोला है। दूसरे एक्टर्स जहां सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें, अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की तस्वीरें साझा किया करते थे। वहीं सुशांत एक ऐसे अभिनेता थे जो अपने सोशल मीडिया पर कुछ अजीबो गरीब पोस्ट साझा करते थे। उनके सोशल मीडिया पोस्ट को देखकर किसी के भी मन में ये सवाल आना लाजिमी है कि आखिर इसके दिमाग में चल क्या रहा था?

सुशांत ने अपनी मौत से पहले अपनी मां की एक तस्वीर साझा की थी। इस तस्वीर के साथ लिखे कैप्शन के जरिए सुशांत ने अपनी मां से बात करने की कोशिश की। वैसे तो ये एक साधारण सी पोस्ट है जो उन्होंने अपनी मां को याद करते हुए लिखी थी। लेकिन इसे ध्यान से पढ़कर देखा जाए तो इसमें सुशांत सिंह राजपूत का सारा दर्द समझ में आ रहा है। सुशांत अपनी मां से कितना प्यार करते थे और उन्हें कितना मिस करते थे।

इसके अलावा सुशांत सिंह राजपूत अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर चांद, सितारे, अंतरिक्ष और गृहों की तस्वीरें साझा किया करते थे। उनके कैप्शन बी उन्हीं की तरह अनसुलझे हुआ करते थे। एक तस्वीर के साथ सुशांत ने अंतरिक्ष और समय के बीच के अंतर के बारे में बात की थी। वहीं सुशांत ने मदर्स डे पर एक तस्वीर साझा की थी। इस तस्वीर में धरती दिखाई दे रही थी। उन्होंने धरती मां को मदर्स डे की शुभकामनाएं दी थीं।

एक तस्वीर सुशांत ने साझा की थी। जिसमें चीजों को देखने के नजरिये के बारे में बात की गई थी। तस्वीर में एक पेड़ नजर आ रहा है। इसके सामने एक लड़की खड़ी है और उसे देख रही है। इसके साथ कैप्शन में सुशांत ने लिखा था 'मैंने आज सुबह उठकर खुद को तुम्हारी नजरों से देखा। फिर मैंने तुम्हारी तरफ देखा और मैं समझ गया।' सुशांत की इन पोस्ट को देखकर पता चलता है कि उनके दिमाग में अलग अलग तरह के ख्याल रहते थे।

सुशांत हर चीज को लेकर गहराई से सोचने वाले व्यक्ति थे। उनकी पोस्ट को देखकर लगता है कि वो कुछ उलझन में थे। सुशांत अपनी कई पोस्ट में मस्तिष्क और चेतना की बात की है। जिसे देखकर लगता है कि वो शांति की तलाश में थे। सुशांत की हर एक पोस्ट कुछ ना कुछ कहती है। जिसे समझना भी उनकी मौत के राज की ही तरह पेचीदा है। सुशांत की कई पोस्ट आध्यामिक भी हुआ करती थीं। जो उनके आध्यात्म के प्रति लगाव को जाहिर करती हैं।

गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सुशांत की मौत की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पाई है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है। सुशांत ने टेलीविजन से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वो बॉलीवुड में कई बेहतरीन फिल्मों में नजर आए। सुशांत ने कुल 12 फिल्मों में काम किया है। उनकी आखिरी फिल्म 'दिल बेचारा' थी। जो लॉकडाउन की वजह से रिलीज नहीं हो पाई थी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER