Rape / 25 साल की महिला का सनसनीखेज आरोप, 100 से ज्यादा लोगों ने 5000 बार किया रेप, और...

ABP News : Aug 22, 2020, 04:45 PM
हैदराबादः तेलंगाना में एक महिला के सनसनीखेज आरोपों के बाद पुलिस ने 100 से ज्यादा लोगों के खिलाफ बलात्कार और यौन हिंसा जैसे अपराधों में मुकदमा दर्ज किया है। हैदराबाद पुलिस के पास 25 साल की एक महिला ने अपनी शिकायत दर्ज कराई कि उसके साथ 5 हजार बार बलात्कार किया जा चुका है और उसके साथ यौन दुराचार के वीडियो भी बनाए गए हैं।

शादी के बाद शुरू बर्बरता का सिलसिला

यह मामला हैदराबाद के पंजागुट्टा थाने का है। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 साल की एक महिला ने पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने आरोप लगाया कि उसके साथ कई पुरुषों ने बलात्कार और सामूहिक बलात्कार किया।

महिला की शिकायत के मुताबिक, जून 2009 में उसकी शादी मिरयालागुडा (Miryalaguda) के रहने वाले एक शख्स से हुई थी, लेकिन जल्द ही ससुराल वालों ने उसके साथ यौन शोषण और मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत में बताया गया है कि महिला ने 2010 में अपने पति से तलाक ले लिया था, लेकिन इसके बाद उसके साथ दुराचार का दर्दनाक सिलसिला शुरू हुआ। महिला ने शिकायत में बताया है कि उसके साथ 5 हजार बार रेप और गैंग रेप किया गया, जबकि आपत्तिजनक हालत में कई बार उसके वीडियो बनाए गए, जिनका इस्तेमाल पॉर्न के तौर पर किया गया।

139 लोगों के खिलाफ FIR

महिला ने अपनी शिकायत में जाति के नाम पर प्रताड़ना किये जाने का भी जिक्र किया है। उसकी शिकायत के बाद पंजागुट्टा पुलिस ने 139 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, जिसमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं।

एफआईआर में दर्ज नामों को लेफ्ट विंग स्टूडेंट यूनियन लीडर, ज्वेलर, मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री के लोग, डॉक्टर, रिश्तेदारों के जानकार बताया गया है। इतना ही कुछ आरोपियों के आगे ‘नाम की जानकारी नहीं’ होने की भी बात लिखी है, जबकि बेंगलुरु और अमेरिका के भी कुछ लोगों का जिक्र है।

महिला ने साथ ही आरोप लगाया कि उस पर कई बार पेट्रोल और एसिड डालकर उसे टॉर्चर किया गया और मारने की भी धमकी दी गई। इसके साथ ही उसने आरोपियों पर सेक्स रैकेट चलाने का भी आरोप लगाया, जिसके जाल में कई मासूम लड़कियां फंसी हुई हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER