लंदन / 2 घंटे पहले मुस्कुरा रहा था बच्चा, कोरोना से संबंधित रहस्यमयी बीमारी ने ली जान

News18 : May 17, 2020, 05:07 PM
लंदन: यूके (UK) के बच्चों में नई फैली बीमारी कावासाकी (Kawasaki) ने एक बहुत ही छोटे बच्चे की जान ले ली है। इस बच्चे को बीमारी से मरने वाला सबसे छोटा बच्चा माना जा रहा है। कावासाकी बीमारी को कोरोना वायरस (Coronavirus) से संबंधित माना जा रहा है। इसके शिकार छोटे बच्चे हो रहे हैं।

कावासाकी से पीड़ित बच्चे एलेक्जेंडर पर्सन्स ने अपनी मां की बांहों में ही दम तोड़ दिया। जबकि मौत के सिर्फ 2 घंटे पहले वो बच्चा मुस्कुरा रहा था। दो घंटे में ही बीमारी ने बच्चे को ऐसा शिकार बनाया कि वो दुनिया से चल बसा।

बताया जा रहा है कि एलेक्जेंडर की मौत कावासाकी बीमारी से हुई है। ये कोरोना वायरस से संबंधित बीमारी है, जिसमें ब्लड वेसल्स में जलन पैदा होती है। इसकी वजह से बच्चे के शरीर पर लाल चकत्ते बन जाते हैं।

डेली मिरर से बात करते हुए बच्चे की मां कैथरीन रोलैंड्स ने अपनी कहानी बताई है। 29 साल की कैथरीन ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि उसे लोगों की जिंदगी से खेलना बंद करना चाहिए। उन्होंने बाकी बच्चों के पैरेन्ट्स के लिए चिंता जाहिर की है

उन्होंने कहा है कि कई परिवार इस तरह के हालात में होंगे, अगर सरकार ने वैज्ञानिकों और डॉक्टरों की बात नहीं मानी। कैथरीन ने कहा कि डॉक्टरों और नर्सों ने बहुत कोशिश की। लेकिन वो एलेक्जेंडर को नहीं बचा पाए। वो कावासाकी और कोरोना के लिंक के बारे में बहुत कम जानते हैं। उन्हें अभी बहुत कुछ करना होगा।

डॉक्टरों ने बताया है कि कावासाकी बीमारी कोरोना वायरस से संबंधित है। वायरस की प्रतिक्रिया की वजह से ये बीमारी होती है। एलेक्जेंडर की मां ने बताया है कि पहले उसके बच्चे को सन बर्न जैसे लक्षण दिखे। उसके शरीर का तापामान बढ़ गया। इसके बाद हाथ और पैर लाल पड़ गए।

बच्चे की मां ने सोचा कि उसे वायरल इंफेक्शन हुआ है। इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी सेवा को फोन किया। तब तक बच्चे ने उलटी करनी शुरू कर दी।

एल्कजेंडर को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे कावासाकी बीमारी बताई। बीमारी आमतौर पर 5 साल से छोटे बच्चों को अपना शिकार बनाती है। यूरोप में 14 साल के बच्चों में करीब ऐसे 200 मामले सामने आए हैं।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER