दिल्ली / देश का विदेशी मुद्रा भंडार $1 अरब बढ़कर $429.60 अरब पर पहुंचा

Zoom News : Sep 14, 2019, 03:45 PM
देश का विदेशी मुद्रा भंडार छह सितंबर को समाप्त सप्ताह में 1.004 अरब डालर बढ़कर 429.60 अरब डालर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां बढ़ने से सकल विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि हुई। रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

इससे पिछले सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 44.60 करोड़ डालर घटकर 428.60 अरब डालर रह गया था।

देश का सकल विदेशी मुद्रा भंडार इस साल अगस्त माह में 430.57 अरब डालर के अब तक के सर्वोच्च स्तर को छू चुका है।

आंकड़ों के मुताबिक छह सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार में प्रमुख भागीदारी रखने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 1.20 अरब डालर की वृद्धि हुई और यह 397.20 अरब डालर पर पहुंच गया। इस दौरान स्वर्ण आरक्षित भंडार 19.90 करोड़ डालर घटकर 27.35 अरब डालर रह गया।

आंकड़ों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास विशेष आहरण अधिकार इस दौरान 1.434 अरब डालर पर स्थिर रहा। इस दौरान कोष के पास देश का आरक्षित भंडार मामूली 20 लाख डालर बढ़कर 3.62 अरब डालर पर पहुंच गया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER