कोरोना वायरस / लॉकडाउन से हुई गड़बड़, इस देश में चार गुना बढ़ गया मच्छरों का आकार

AajTak : May 26, 2020, 03:10 PM
स्पेन: कोरोना की वजह से दुनिया भर में लॉकडाउन लगा। लॉकडाउन के फायदे तो दिखे लेकिन एक अजीबोगरीब नुकसान सामने दिख रहा है। स्पेन के एक द्वीप पर लॉकडाउन की वजह से मच्छरों का आकार चार गुना बढ़ गया। मच्छरों की संख्या में भी बहुत ज्यादा इजाफा हुआ है। साथ ही, कीड़े-मकौड़ों की आबादी भी बढ़ गई है।

स्पेन के अधीन आने वाले इस द्वीप का नाम है इबिजा (Ibiza)। यहां इतने बड़े और ज्यादा मच्छर हो गए हैं कि सरकार का ध्यान अब कोरोना वायरस से हटकर मच्छरों की तरफ चला गया है। स्वास्थ्य कर्मचारी इस बात से हैरान हैं कि मच्छरों का आकार सामान्य से चार गुना ज्यादा कैसे हो गया है। साथ ही यहां पर एक बेहद खतरनाक मच्छर पहुंच गया है।

इसके पीछे सबसे बड़ा कारण है लॉकडाउन। लॉकडाउन की वजह से कई होटल्स के स्वीमिंग पूल बंद होने की वजह से गंदे हो गए। इसपर मच्छर पनपते चले गए। इसी तरह लोगों के घरों में भी हुआ। खासतौर से उन घरों में जहां कोई रह नहीं रहा था।

तटीय और खूबसूरत पर्यटन स्थल होने की वजह से यहां काफी संख्या में होट्ल्स हैं। ज्यादातर होटल्स में स्वीमिंग पूल्स हैं जो लॉकडाउन की वजह से बंद थे। इनमें मच्छरों ने अपना घर बना लिया है।

अब इबिजा प्रशासन इन मच्छरों की सफाई के लिए काम कर रही है। सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि इबिजा में सामान्य मच्छरों से ज्यादा खतरनाक एशियन टाइगर मच्छर भी पनप गए हैं।

इबिजा काउंसिल एनवॉयरनमेंट मैनेजमेंट डिपार्टमेंट ने लोगों से अपील की है कि वे अपने स्वीमिंग पूल्स की सफाई करवाएं। क्योंकि एशियन टाइगर मच्छर भी पनप गए हैं और लॉकडाउन में जो मच्छर पनपे उनका आकार सामान्य से चार गुना बड़ा है।

जो लोग अपने घरों को छोड़कर कहीं और रहते हैं, उनके मालिकों से संपर्क करने के बाद इबिजा प्रशासन ने कहा कि हम निजी पूल्स की सफाई नहीं करवा सकते। लोगों से अपील है कि वे जल्द से जल्द आकर अपने पूल्स की सफाई करवाएं। प्रशासन स्वीमिंग पूल्स के क्लोरीफिकेशन का काम शुरू करवा चुकी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER