दुनिया / इजरायल और हमास के बीच जंग तेज, बॉर्डर पर भेजे जाएंगे 9 हजार सैनिक

Zoom News : May 14, 2021, 10:23 PM
इजरायली वायुसेना ने हमास के आंतरिक सुरक्षा मुख्यालय और आयुध भंडार पर हमला किया है। सेना की प्रेस सेवा ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के मुताबिक वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने हमला किया। मुख्यालय में रफाह शहर के आंतरिक सुरक्षा सेवा के प्रमुख तथा अन्य विभागों का कायार्लय है। इजरायल और हमास के बीच जंग तेज हो गया।

इजरायल ने जमीनी आक्रमण की धमकी दी

इजरायल ने कहा कि वह गाजा सीमा पर बड़ी संख्या में सैनिकों को भेज रहा है। उसने हमास शासित क्षेत्र में संभावित जमीनी आक्रमण के लिए 9,000 सैनिकों को तैयार रहने को कहा है। यह दिखाता है कि दोनों शत्रु युद्ध की ओर बढ़ रहे हैं। मिस्र के मध्यस्थ संघर्ष विराम प्रयासों के लिए इजरायल पहुंचे लेकिन इसमें प्रगति के कोई संकेत नहीं दिखे हैं। इजरायल में चौथी रात भी सांप्रदायिक हिंसा होने के बाद लड़ाई और तेज हो गई। यहूदी और अरब समूहों में लॉड शहर में झड़पें हुई। पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के आदेश देने के बावजूद झड़पें हुईं।

लड़ाई ने यहूदी-अरब हिंसा को जन्म दिया

इस लड़ाई ने इजराइल में दशकों बाद भयावह यहूदी-अरब हिंसा को जन्म दिया है। लेबनान से देर रात रॉकेट दागे गए, जिससे इजरायल की उत्तरी सीमा पर एक तीसरे पक्ष के शामिल होने का खतरा पैदा हो गया है। हमास के एक वरिष्ठ निर्वासित नेता सालेह अरुरी ने लंदन स्थित एक चैनल को शुक्रवार को बताया कि उनके समूह ने पूर्ण संघर्ष विराम के लिए और बातचीत करने के लिए तीन घंटे के विराम के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा कि मिस्र, कतर और संयुक्त राष्ट्र संघर्ष विराम प्रयासों की अगुवाई कर रहे हैं।

लोगों की चीखें सुनी गईं

इजरायली सेना ने शुक्रवार को कहा कि गाजा में हवाई और जमीनी हमले हो रहे हैं। गाजा सिटी के बाहरी इलाकों में विस्फोटों से आसमान में धुएं का गुबार बन गया। हमले इतने भयावह थे कि कई किलोमीटर दूर शहर में लोगों की चीखें सुनी गई। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि मैंने कहा था कि हमास से बहुत भारी कीमत वसूल करेंगे। हम यही कर रहे हैं और भारी बल के साथ यही करते रहेंगे।

सैकड़ों ठिकानों को निशाना बनाया

यह लड़ाई सोमवार को शुरू हुई जब यरुशलम को बचाने का दावा करने वाले हमास ने लंबी दूरी के रॉकेट दागने शुरू किए। इजराइल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई हवाई हमले किए। तब से इजरायल ने गाजा में सैकड़ों ठिकानों को निशाना बनाया है। गाजा उग्रवादियों ने इजराइल में करीब 2,000 रॉकेट दागे, जिससे देश के दक्षिण क्षेत्र में जनजीवन ठप हो गया। तेल अवीव शहर को निशाना बनाते हुए भी कई रॉकेट दागे गए।

100 फलस्तीनी मारे गए

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमलों में करीब 100 फलस्तीनी मारे गए, जिनमें 28 बच्चे और 15 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 621 लोग घायल हो गए। हमास और इस्लामिक जिहाद उग्रवादी समूह ने 20 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। हालांकि इजरायल ने कहा कि संख्या इससे कहीं अधिक है। इजरायल में सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह साल का लड़का शामिल है।

अमेरिका का समर्थन

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि उन्होंने लड़ाई खत्म करने को लेकर नेतन्याहू से बात की है, लेकिन साथ ही इजरायली नेता का समर्थन भी किया। वहीं, गुरुवार को मिस्र के अधिकारी संघर्ष विराम के लिए पहुंचे। मिस्र अक्सर इजरायल और हमास के बीच मध्यस्थ का काम करता है और पिछली कई लड़ाइयों को खत्म करने में उसकी अहम भूमिका रही है। अधिकारियों ने सबसे पहले गाजा में हमास के नेताओं से बात की और उसके बाद तेल अवीव में इजरायली नेताओं से बातचीत की। हमास के निर्वासित नेता इस्माइल हानियेह ने कहा कि वह मिस्र के अधिकारियों के संपर्क में हैं।

'जमीनी आक्रमण से डरा नहीं'

हमास के सैन्य प्रवक्ता अबू उबेदा ने कहा कि उनका समूह जमीनी आक्रमण से डरा नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी आक्रमण से सैनिकों को मारने या बंधक बनाने की आशंका बढ़ेगी। यह संघर्ष ऐसे वक्त चल रहा है जब मुस्लिमों के लिए रमजान का पवित्र महीना खत्म होने के बाद ईद मनायी जा रही है। हिंसा का यह दौर एक महीने पहले यरुशलम में शुरू हुआ जहां रमजान के पवित्र महीने के दौरान हथियारों से लैस इजराइली पुलिस तैनात रही और यहूदी शरणार्थियों द्वारा दर्जनों फलस्तीनी परिवारों को निर्वासित करने के खतरे ने प्रदर्शनों को हवा दी और पुलिस के साथ झड़पें हुई। अल अक्सा मस्जिद में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और प्रदर्शनकारियों पर ग्रेनेड फेंके।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER