विशेष / कश्मीर में बन रहा है दुनिया का सबसे उंचा पुल, एफिल टावर से भी ऊंचा

News18 : Jan 09, 2020, 02:59 PM
जम्मू।  दुनिया का सबसे ऊंचा पुल भारत में बनकर तैयार होने जा रहा है।  यह पुल कश्मीर में चिनाब नदी पर बन रहा है।  पुल का काम तेजी से चल रहा है, अब तक लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है यह 2021 तक बनकर तैयार हो जाएगा।  चिनाब नदी से इसकी ऊंचाई 350 मीटर है, इतनी ऊंचाई पर पुल का निर्माण करना एक कल्पना से कम नहीं था लेकिन आने वाले साल तक देश का यह सपना पूरा हो जाएगा।  इसके बनने के बाद कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से रेल नेटवर्क बेहतर हो जाएगा। 

ये है पुल की खासियत

इसका निर्माण सलाल हाईड्रो पावर डैम के पास चिनाब नदी पर हो रहा है।  यह प्रोजेक्ट कोंकण रेलवे के पास है।  कोंकण रेल के 56 किमी मार्ग में 17 टनल, 23 पुल, पांच रेलवे स्टेशन और एक हाल्ट है।  इसका 46। 1 km रास्ता सुरंगों से होकर गुजरता है।  यह रास्ता रियासी, मूरी, और पीर पंजाल पहाड़ों के बीच से गुजरता है।  पुल की कुल लम्बाई 1315 मीटर है।  इसमें सेंसर भी लगाए गए हैं ताकि तेज हवा का पता चल सके।  अभी तक दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल बेईपैन नदी पर बना चीन का शुईबाई रेलवे पुल है।  इसकी लम्बाई 275 मीटर है। 

पुल बनाने में आयेगा इतना खर्चा

दुनिया के सबसे ऊंचे पुल को बनाने में करीब 1200 करोड़ रुपए की लागत आएगी।  इसमें 24 हजार टन इस्पात और करीब 5 हजार टन स्टील का उपयोग किया जाएगा।  इसको बनाने में जिस तकनीक का उपयोग किया गया है वो तुफान और तेज हवाओं को भी झेल सकता है।  -20 डिग्री टेम्परेचर में भी इस पर कोई असर नहीं होगा।  यह एक आर्क के आकार का ब्रिज होगा। 

2002 में शुरू हुआ था निर्माण कार्य

इस पुल का निर्माण कार्य साल 2002 में शुरू हुआ था लेकिन 2008 में इसे असुरक्षित बताते हुए रोक दिया गया।  2010 से एक बार फिर इसका काम शुरू कर दिया गया।  दिसंबर 2021 तक यह बनकर तैयार हो जाएगा।  रेलवे के 150 साल के इतिहास में यह सबसे चुनौतीपूर्ण काम है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER