विशेष / यह 'जापानी लड़की' 43 साल का एक मर्द है, जो शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, सच्चाई कर देगी हैरान

AMAR UJALA : Jan 16, 2020, 10:55 AM
विशेष | आज के दौर में सोशल मीडिया पर दिख रही तस्वीरों से आप अंदाजा नहीं लगा सकते हैं कि असल में वो कोई मर्द है या औरत। इस मामले में भी कुछ ऐसा ही है। ये जो क्यूट सी दिखने वाली जापानी स्कूल गर्ल को आप देख रहे हैं, असल में यह कोई लड़की नहीं बल्कि 43 साल का एक मर्द है, जो शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। 

इस शख्स का नाम ताकुमा तानी है। 1977 में जन्मे ताकुमा एक जापानी सिंगर हैं। अक्सर इनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं, जिसमें वो एक स्कूल गर्ल के रूप में नजर आते हैं। दरअसल, ताकुमा जब स्कूल में थे, तभी से उन्हें संगीत से काफी लगाव रहा है। जब वो 28 साल के हुए तो एक जापानी रॉक ग्रुप में शामिल हो गए और संगीत में ही अपना करियर बनाने लगे। इस बीच जब उनकी उम्र 34 हुई तो उन्होंने एक बार सोचा कि क्यों ना स्कूल गर्ल का रूप धरा जाए। फिर क्या, यह रूप ताकुमा को इतना पसंद आया कि वो अब इसी रूप के होकर रह गए हैं। 

ताकुमा का रंग-रूप ही ऐसा है कि जब वो लड़कियों के कपड़े पहन लेते हैं तो कोई भी उन्हें देखकर धोखा खा सकता है। 162 सेमी. लंबे और 47 किलो वजनी ताकुमा को लड़की बनने के लिए ढेर सारा मेकअप करना पड़ता है। हालांकि अब यह उनके लिए रोज की बात हो गई है और उन्हें यह आसान भी लगता है। आपको जानकर हैरानी होगी कि ताकुमा जापान के एक टीवी शो में 'क्रॉस ड्रेसिंग चैंपियनशिप' के विजेता भी रह चुके हैं। 

सिंगर होने के साथ-साथ ताकुमा एक सफल उद्यमी भी हैं। उन्होंने महिलाओं के कपड़ों का ब्रांड अतुकोस्वेत टोक्यो (AtukoSvet Tokyo) लॉन्च किया है। इसके अलावा वह लड़कियों के कपड़ों के लिए मॉडलिंग भी करते हैं। साल 2016 में ही ताकुमा एक बेटी के पिता बने हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीर भी शेयर की थी, जिसमें उनके गोद में उनकी बेटी थी और उन्होंने कैप्शन में लिखा था, 'मैं एक पिता हूं'। .

ताकुमा को सोशल मीडिया पर काफी लोग पसंद करते हैं। ट्विटर पर उनके 20 हजार से भी ज्यादा फॉलोवर्स हैं। वह लोगों को जिंदगी की सीख देते हुए कहते हैं कि आपका जो मन करे वो करें, आपको किसी से भी डरने की या खुद को बुरा महसूस करने की जरूरत नहीं है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER