देश / तीन महीने पहले ऐसी नहीं थी हमारी दुनिया, क्या हुआ था आज के दिन, पढ़िए यहां

AMAR UJALA : May 25, 2020, 10:00 AM
Coronavirus Crisis: देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के मामलों को बढ़ने से रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का पालन करने का आग्रह किया था। हालांकि इसके बाद 24 मार्च रात 12 बजे से 14 अप्रैल तक के लिए देश में लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई। इसे बाद में और बढ़ा दिया गया। यहां यह जानना रोचक हो सकता है कि इससे करीब तीन महीने पहले देश और विदेश में क्या कुछ चल रहा था, क्योंकि तब 25 फरवरी को हमारी दुनिया ऐसी नहीं थी, जैसी अब है। आइए डालते हैं कुछ खास खबरों पर एक नजर...

देश में खास  

1. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत यात्रा पर थे। मंगलवार 24 फरवरी 2020 उनकी यात्रा का दूसरा और आखिरी दिन था। भारतीय समयानुसार रात में वह स्वदेश रवाना हो गए थे। इसी दिन हैदराबाद हाउस में मोदी-ट्रंप के बीच द्वीपक्षीय वार्ता हुई थी।

2. राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप ने अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा से स्वदेश लौटने के बाद स्वागत और कूटनीति दोनों के स्तर पर इसे बेहद सफल यात्रा बताया था। उन्होंने खुद कहा था कि इतनी आवभगत किसी और की नहीं हुई होगी।

3. उच्चतम न्यायालय के छह जज एच1एन1 से संक्रमित हो गए। यह जानकारी न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड़ ने दी। न्यायालय की कोर्ट नंबर दो में न्यायमूर्ति संजीव खन्ना मास्क पहनकर कोर्ट पहुंचे थे।

4. बालाकोट में एयर स्ट्राइक की वर्षगांठ 26 फरवरी को थी। इससे एक दिन पहले 25 फरवरी 2020 को खबर आई कि पाकिस्तान ने वहां आतंकी प्रशिक्षण शिविर दोबारा स्थापित कर दिए हैं।

5. प्रदूषण को लेकर आईक्यू एयर विजुअल द्वारा कराए गए विश्व वायु गुणवत्ता 2019 सर्वे के नतीजे सामने आए। इसमें भारत के 21 शहरों को सबसे अधिक प्रदूषित वायु वाला बताया गया।

6. आप जब अपनी रेल की टिकट कैंसिल करते हैं तो भारतीय रेलवे कुछ शुल्क काटकर रकम लौटा देती है। लेकिन रेलवे ने बीते तीन साल में टिकट कैंसिल कराने और वेटिंग टिकटों को रद्द नहीं कराने से भी करीब 9 हजार करोड़ रुपये की कमाई कर ली।

7. ओडिशा के भुवनेश्वर से दिल दहला देने वाले हत्याकांड के मामले में फैसले की खबर आई। सेना के रिटायर्ड डॉक्टर को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई। आरोपी ने अपनी 61 साल की पत्नी की हत्या कर शव के 300 टुकड़े कर दिए थे।

8. भाजपा नेता कपिल मिश्रा आपत्तिजनक बयानबाजी के लिए कई बार सुर्खियों में रह चुके हैं। लेकिन इस बार उनकी बयानबाजी उन पर भारी पड़ गई।

9. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि बिना तलाक दिए पति या पत्नी से अलग होकर लिव-इन रिलेशन में रहने वालों को संरक्षण नहीं दिया जा सकता।

10. शीना बोरा मर्डर केस की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी ने चौंका देने वाला बयान दिया। इंद्राणी ने अदालत को बताया कि उसकी गिरफ्तारी के बाद से उसके बैंक खाते से छह करोड़ रुपये निकाले जा चुके हैं। यह रुपये कहां गए इस बात का भी इंद्राणी ने खुलासा किया।

दुनिया में खास

1. पाकिस्तान एक बार फिर अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर कई बार मुंह की खाने के बावजूद संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) के समक्ष उसने फिर से कश्मीर राग छेड़ा। 

2. मिस्र के पूर्व राष्ट्रपति होस्नी मुबारक के निधन की खबर आई। वह 91 साल के थे। मिस्र के सरकारी टीवी चैनल ने यह जानकारी दी। कुछ हफ्ते पहले उनकी सर्जरी हुई थी। उन्होंने 30 साल तक मिस्र में शासन किया था।

3. ब्रिटेन के वित्त मंत्री और इंफोसिस के सह संस्थापक नारायणमूर्ति के दामाद ऋषि सुनाक की एक पोस्ट ने वहां की सबसे पुरानी चाय कंपनी के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। इसके मामले में कंपनी को माफी तक मांगनी पड़ी।

4. अमेरिका की स्पेस एजेंसी नासा को नई उपलब्धियों तक पहुंचाने वाली प्रसिद्ध गणितज्ञ कैथरीन जॉनसन के निधन की खबर आई। अंतरिक्ष यात्रा से संबंधित उनकी गणनाओं ने ही मानव को अंतरिक्ष में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

5. नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने जन्मदिन के मौके पर देश के नक्शे वाला 15 किलोग्राम का केक काटकर विवाद खड़ा कर दिया। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER