लखनऊ / अयोध्या में सरयू किनारे स्थापित होगी भगवान श्रीराम की 251 मीटर ऊंची प्रतिमा; विश्व रिकॉर्ड बनेगी

Dainik Bhaskar : Jul 23, 2019, 12:22 PM
लखनऊ. उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने अयोध्या में भगवान श्रीराम की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा लगाने का निर्णय लिया है। प्रतिमा की ऊंचाई 251 मीटर होगी। अयोध्या में सरयू के किनारे सटे 100 हेक्टेअर भूमि पर प्रतिमा को स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार (22 जुलाई) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हाई पावर कमेटी की बैठक हुई। इसमें डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या समेत कैबिनेट मंत्रियों ने प्रस्ताव पर फैसला लिया।

251 मीटर की भव्य प्रतिमा 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरयू के किनारे 100 हेक्टेअर भूमि पर भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित करने के कार्य को तेजी के साथ शुरू किया जाए। भगवान श्रीराम की प्रतिमा के साथ-साथ अयोध्या के समग्र विकास के लिए पूरी योजना तैयार होनी चाहिए। इसमें भगवान श्रीराम पर आधारित डिजिटल म्यूजियम, इंटरप्रेटेशन सेंटर, लाइब्रेरी, पार्किंग, फूड प्लाजा, लैंडस्केपिंग के साथ-साथ पर्यटकों के मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था हो।

सीएम की अध्यक्षता में होगा ट्रस्ट का गठन

हाई पावर कमेटी की बैठक में तय हुआ है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक ट्रस्ट का गठन किया जाएगा। इसमें ट्रस्ट का नाम और उनके ट्रस्टी भी तय किए जाएंगे। इसके साथ ही राजकीय निर्माण निगम के डिजाइन कंसलटेंट के चयन के लिए पूर्व में की गई कार्यवाही को निरस्त करते हुए नए सिरे से प्रक्रिया का अनुमोदन भी किया गया।

गुजरात सरकार से तकनीकी सहायता लेने के लिए एमओयू होगा

प्रदेश सरकार ने प्रतिमा स्थापना की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार तकनीकी सहायता और सुझावों के लिए गुजरात सरकार के साथ एमओयू करेगी। निर्माण कार्य के लिए राजकीय निर्माण निगम की अलग इकाई स्थापित करने पर भी विचार चल रहा है। प्रस्तावित साइट का जियोलाजिकल, हाइड्रोलॉजिकल व साइस्मिक सर्वे और नीरी से इनवायरमेंट असेसमेंट एंड फिजिबिलिडी स्टडी के साथ आइआइटी कानपुर भी इसमें सहयोग प्रदान करेगा। इस कार्य के समन्वय और क्रियान्वयन के लिए वित्त, नगर विकास, वन, पर्यावरण, लोक निर्माण, सिंचाई, ऊर्जा, औद्योगिक और आवास विकास के लिए एक-एक नोडल अधिकारी भी नामित किए जाएंगे।

अभी तक चीन में गौतम बुद्ध की सबसे ऊंची प्रतिमा

भगवान राम की प्रस्तावित प्रतिमा की ऊंचाई 251 मीटर होने से यह विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी। अभी तक चीन में स्थापित गौतम बुद्ध की प्रतिमा विश्व में सबसे ऊंची है। इसकी ऊंचाई 208 मीटर है। गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा की ऊंचाई 183 मीटर है। न्यूयॉर्क में स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की ऊंचाई 93 मीटर है। मुंबई में निर्माणाधीन डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा की ऊंचाई 137.2 मीटर, जबकि छत्रपति शिवाजी महराज की प्रतिमा 212 मीटर ऊंची बनाई जा रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER