चंडीगढ़ / वंदे भारत' ट्रेन को चलने में अभी लगेंगे 18 महीने, ट्रेन का निर्माण किया जाना है

Dainik Bhaskar : Jul 23, 2019, 06:22 PM
चंडीगढ़. चंडीगढ़ से दिल्ली के बीच प्रस्तावित वंदे भारत ट्रेन को ट्रैक पर आने में 18 महीने का वक्त लगेगा। उत्तर रेलवे नई दिल्ली के प्रवक्ता के मुताबिक चंडीगढ़ से नई दिल्ली के बीच तेजस या वंदे भारत दोनों में से एक ट्रेन चलना प्रस्तावित है। इस बारे में नॉर्दर्न रेलवे के जीएम टीपी सिंह ने बताया कि इसका ट्रायल होगा।

160 की रफ्तार पर चलाने के लिए ट्रैक का ट्रायल करना पड़ेगा। इसमें भी एक साल का वक्त लग सकता है। लेकिन इस बीच रेलवे बोर्ड ने पुराने टेंडर को रद्द कर दिया है। नए टेंडर जारी होने की प्रक्रिया में 3 माह से अधिक का समय लग सकता है।

जहां तक रफ्तार का सवाल है तो चंडीगढ़-नई दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस 120-130किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार पर चलती है। लेकिन तेजस 160 और वंदे भारत 180 की रफ्तार से पटरियों पर दौड़ती है।

पहली वंदे भारत 18 महीने के रिकाॅर्ड समय में बनी थी। इसलिए यह तय है कि अगर बहुत तेजी से निर्माण किया गया तो 18 महीने कम से कम लग जाएंगे। देश में कुल 50 वंदे भारत ट्रेन बनेंगी। माना जा रहा है कि चंडीगढ़ से चलने वाली तीन शताब्दी एक्सप्रेस में से एक शताब्दी को तेजस या वंदे भारत ट्रेन से रिप्लेस किया जाना है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER