Cricket / विराट ने मात्र इन दो शब्दों में बयां कर दिया धोनी के साथ अपना रिश्ता

Zoom News : May 30, 2021, 11:36 AM
Cricket | भारतीय टीम को 2 जून को तीन महीने से भी ज्यादा लंबे इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होना है। पूरी टीम इस समय मुंबई में अपना क्वारंटाइन पूरा कर रही है। इस आइसोलेशन पीरियड में टीम के कप्तान विराट कोहली भी हैं, जिन्होंने शनिवार को इंस्टाग्राम पर फैन्स के लिए सवाल-जवाब का एक खास सेशन रखा। इसमें वे कई दिलचस्प सवालों के जवाब देते हुए नजर आए। इस दौरान एक फैन से उनसे सिर्फ दो शब्दों में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ अपने रिश्तों को बयां करने के लिए कहा। विराट ने यहां बिना किसी देरी के जवाब दिया और कई फैन्स का दिल जीत लिया। 

विराट ने धोनी के लिए जो दो शब्द प्रयोग किए वे थे रिस्पेक्ट और ट्रस्ट यानी भरोसा और सम्मान। इससे साफ जाहिर है कि विराट धोनी को क्या मानते हैं। गौरतलब है कि विराट ने धोनी की कप्तानी में ही इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके अलावा विराट के भारतीय टीम के कप्तान बनने में भी धोनी ने अहम भूमिका निभाई है। संयोग वाली बात यह है कि जब धोनी ने इंटरनेशनल करियर की आखिरी पारी खेली, तब उस टीम के कप्तान विराट ही थे। विराट ने धाेनी के संन्यास लेने के बाद उनके साथ अपनी बॉन्डिंग को लेकर काफी बातें कही थीं।

इंग्लैंड को धूल चटाकर पाया WTC फाइनल का टिकट

विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने आईपीएल 2021 से पहले इंग्लैंड को तीनों ही फॉर्मेट में धूल चटाई थी। भारत ने इंग्लैंड को टेस्ट सीरीज में 3-1 से हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। विराट के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबला जीतकर वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला लेने का सुनहरा मौका होगा। टीम इंडिया 2 जून को इंग्लैंड के लिए चार्टर्ड फ्लाइट से रवाना होगी और इंग्लैंड पहुंचने के बाद 10 दिन तक कड़े क्वारंटाइन में रहेगी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER