रूस / 2036 तक सत्ता में बने रहने के लिए अनुमति देने वाले कानून पर पुतिन ने किए हस्ताक्षर

Zoom News : Apr 06, 2021, 07:09 PM
मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उस कानून को अंतिम मंजूरी दे दी है, जिससे उनके लिए 6-6 साल के दो अतिरिक्त कार्यकाल का रास्ता साफ हो गया है। इससे वह 2036 तक राष्ट्रपति रह सकते हैं। दो दशक से अधिक समय से रूस की सत्ता पर काबिज 68 वर्षीय पुतिन ने सोमवार को इस कानून पर हस्ताक्षर किया। 

पुतिन ने संवैधानिक सुधार के रूप में पिछले साल इस बदलाव का प्रस्ताव रखा था और रूसी जनता ने जुलाई में इसके पक्ष में मतदान किया। सांसदों ने पिछले महीने इस विधेयक को मंजूरी दी थी। इस कानून से पुतिन को मौजूदा और लगातार दूसरा कार्यकाल 2024 में खत्म होने के बाद दो और राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की इजाजत मिल गई है। 

पुतिन पहली बार 2000 में राष्ट्रपति बने थे और चार-चार साल के लगातार दो कार्यकाल पूरे किए। 2008 में दिमित्री मेदवेदेव ने उनका स्थान लिया। मेदवेदेव ने राष्ट्रपति के कार्यकाल को बढ़ाकर 6 साल का कर दिया। इसके बाद 2012 पुतिन की राष्ट्रपति पद पर वापसी हुई और फिर 2018 में भी वह इस पद के लिए चुने गए।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER