IPL 2021 / श्रेयस अय्यर की चोट से दिल्ली मुश्किलों में, पंत या रहाणे जानिए कौन बनेगा DC का कप्तान?

Zoom News : Mar 30, 2021, 08:17 AM
IPL 2021: दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन में नहीं खेल पाएंगे। अय्यर इंग्लैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। अय्यर को अपने कंधे की सर्जरी करानी पड़ेगी, जिसके चलते वह 4-5 महीने क्रिकेट के मैदान पर वापसी नहीं कर सकेंगे। इस बीच सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हुआ है कि अय्यर की गैरमौजूदगी में दिल्ली कैपिटल्स की कमान कौन संभालेगा? दिल्ली कैपिटल्स के पास कप्तान को लेकर कम विकल्प नहीं है और शायद यही वजह है कि टीम मैनेजमेंट भी इसको लेकर दुविधा में होगा कि किसे टीम की कमान सौंपी जाए। पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत, आर अश्विन, स्टीव स्मिथ और अजिंक्य रहाणे कप्तान बनने की दौड़ में शामिल हैं।

अश्विन, स्मिथ और रहाणे के पास आईपीएल में कप्तानी का अनुभव है, तो वहीं पृथ्वी शॉ की कप्तानी में हाल में मुंबई ने विजय हजारे ट्रॉफी खिताब जीता है और ऋषभ पंत टीम के उप-कप्तान हैं, तो उन्हें कप्तान बनाया जा सकता है। पंत इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं और साथ ही विकेटकीपर की भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उनको कप्तान बनाए जाने की सबसे ज्यादा चर्चा है। पंत को ऑन-फील्ड सलाह देने के लिए स्मिथ, अश्विन, रहाणे जैसे सीनियर खिलाड़ी भी रहेंगे।

अय्यर का टूर्नामेंट से बाहर होना दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ा झटका है। अय्यर की कप्तानी में पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स फाइनल तक पहुंचा था। दिल्ली कैपिटल्स का पहला मुकाबला 10 अप्रैल को होना है। 10 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाले चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच मैच खेला जाना है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER