नई दिल्ली / पहलवान बबीता फोगाट और उनके पिता महावीर फोगाट बीजेपी में हुए शामिल

Live Hindustan : Aug 12, 2019, 05:27 PM
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में खेल से जुड़ी दो और शख्सियत शामिल हो गई हैं। महिला पहलवान बबीता फौगाट और उनके कोच और पिता महावीर फौगाट आज भाजपा से जुड़ गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसका लाइव वीडियो शेयर किया गया।

महावीर फौगाट ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, 'मैं और मेरी बेटी दोनों भाजपा से जुड़ने जा रहे हैं।' 2019 लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर भी भाजपा से जुड़े थे और चुनाव जीतकर सांसद भी बन चुके हैं। आपको बता दें कि हरियाणा असेंबली चुनाव अक्टूबर में होने हैं और इन दोनों के भाजपा में शामिल होने से पार्टी और मजबूत हो जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले महावीर फोगाट ने दुष्‍यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) का हाथ थामा था। उनको जेजेपी के खेल विंग का प्रधान बनाया गया था। जेजेपी के लिए यह अहम कामयाबी मानी जा रही थी।

कॉ़मनवेल्थ गेम्स में दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम कर चुकीं बबीता फौगाट जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का जोरदार समर्थन किया था। उन्होंने ट्वीट में लिखा था, 'लठ गाड़ दिया, धुम्मा ठा दिया।'

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER