Team India / सुनील गावस्कर ने किया वर्ल्ड कप से पहले इस प्लेयर को सपोर्ट, कहा-देश के लिए...

Zoom News : May 01, 2024, 11:05 AM
Team India: आईपीएल 2024 मुंबई इंडियंस के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। टीम अच्छा प्रदर्शन करने में विफल साबित हुई है। वहीं मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या भी दमदार खेल नहीं दिखा पाए हैं। आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए उनका फॉर्म बहुत खराब रहा है । लेकिन फिर भी सेलेक्टर्स ने उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम का उपकप्तान बनाया है। अब सुनील गावस्कर ने उनके फॉर्म पर बड़ी बात कही है। 

हार्दिक पांड्या को किया सपोर्ट

भारत के महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना है कि टी20 विश्व कप से पहले बतौर गेंदबाज हार्दिक पांड्या के फॉर्म को लेकर ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है गावस्कर ने स्पोटर्स टुडे से कहा कि आईपीएल खेलने और देश के लिये खेलने में फर्क है। देश के लिए खेलते समय हर खिलाड़ी अलग होता है और हार्दिक भी अलग होगा। उसे आईपीएल में कई मसलों से जूझना पड़ा है और उसने अच्छे से संभाला है। भारत के लिए बाहर खेलते समय वह बिल्कुल अलग रूप में होगा। वह पॉजिटिव सोच के साथ उतरेगा और बल्ले तथा गेंद दोनों से योगदान देगा। 

खराब फॉर्म से जूझ रहे हार्दिक

आईपीएल 2024 से पहले हार्दिक पांड्या को रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया था। लेकिन मुंबई इंडियंस का कप्तान बनते ही उनकी फॉर्म चली गई है और वह रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। उन्होंने आईपीएल 2024 के 10 मैचों में अभी तक 197 रन बनाए हैं, जिसमें 46 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। आईपीएल 2024 में उनका औसत सिर्फ 21.89 रहा है। वहीं मौजूदा सीजन में वह सिर्फ चार विकेट ही हासिल कर पाए हैं। 

9वें नंबर पर है मुंबई इंडियंस की टीम

मुंबई इंडियंस की टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में पांच बार आईपीएल की ट्रॉफी जीती है। लेकिन टीम आईपीएल 2024 में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही है। आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस की टीम ने 10 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से सिर्फ तीन में ही जीत हासिल की है। वहीं 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। टीम के सिर्फ 6 अंक हैं। टीम 9वें नंबर पर है और उसका प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER