राजस्थान: राहुल के लिए माहौल बनाने लगे कांग्रेसी, गहलोत बोले- भावनाओं को समझें

राजस्थान - राहुल के लिए माहौल बनाने लगे कांग्रेसी, गहलोत बोले- भावनाओं को समझें
| Updated on: 22-Aug-2022 08:25 PM IST
Jaipur : कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव अगले एक महीने के दौरान होना है और अभी तक राहुल गांधी ने इस बारे में कोई सक्रियता नहीं दिखाई है। यही नहीं किसी और नेता ने भी अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी के लिए अब दावेदारी नहीं जताई है। ऐसे में कांग्रेस के नए अध्यक्ष को लेकर पसोपेश बढ़ गई है। इस बीच कांग्रेस के एक वर्ग ने राहुल गांधी को ही फिर से पार्टी का अध्यक्ष बनाने के लिए माहौल तैयार करना शुरू कर दिया है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि राहुल गांधी को देश भर के कांग्रेसियों की भावनाओं को समझना चाहिए और अध्यक्ष का पद स्वीकार कर लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पार्टी में एकतरफा राय राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के समर्थन में है। इसके साथ ही गहलोत से कहा कि अगर राहुल पार्टी के अध्यक्ष नहीं बनते हैं तो इससे कांग्रेसी निराश होंगे।पार्टी के नए अध्यक्ष को लेकर जारी अटकलों के बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी को अध्यक्ष बनना चाहिए। उन्होंने कहा,'राहुल गांधी अध्यक्ष नहीं बनते हैं तो इससे देश में कांग्रेस में निराशा आएगी। कई लोग घर बैठ जाएंगे और हम लोगों को तकलीफ होगी। उनको (राहुल गांधी) पूरे देश के आम कांग्रेसजनों की भावना समझते हुए यह पद स्वीकार करना चाहिए।'

राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की है एकतरफा मांग, करना चाहिए स्वीकार

गहलोत ने कहा कि पार्टी के भीतर भी एक राय राहुल गांधी को नया अध्यक्ष बनाने के पक्ष में है। उन्होंने कहा, 'एकतरफा राय उनके अध्यक्ष बनने के समर्थन में है तो मैं समझता हूं कि उन्‍हें इसे स्वीकार करना चाहिए।' उन्होंने कहा,' यह गांधी या गैर गांधी परिवार की बात नहीं है। यह तो संगठन का काम है कोई प्रधानमंत्री तो बन नहीं रहा।' इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आगे कहा, 'बीते 32 साल में इस परिवार का कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री या मुख्यमंत्री नहीं बना तो फिर (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी जी इस परिवार से डरते क्यों हैं, (दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद) केजरीवाल को कहना पड़ता है कि 75 साल में कुछ नहीं हुआ देश में। तो सब लोग कांग्रेस पर ही हमला क्यों करते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि कांग्रेस पार्टी और देश का डीएनए एक है।'

भाजपा से लेकर केजरीवाल तक इसलिए करते हैं कांग्रेस पर अटैक

राजस्थान के सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने बीते 75 साल में देश में लोकतंत्र को जिंदा रखा है। उसकी बदौलत ही आज मोदी देश के प्रधानमंत्री व केजरीवाल दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री हैं। उन्होंने कहा,' कांग्रेस कहीं जाने वाली नहीं है। इस प्रकार की बातें कर उन्होंने कहा कि लोगों को गुमराह किया है। 75 साल में देश में कुछ नहीं हुआ। 75 साल में कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र को जिंदा रखा इसलिए इस देश में आज प्रधानमंत्री का नाम नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री का नाम अरविंद केजरीवाल है। अगर लोकतंत्र नहीं होता तो ये प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री कैसे बनते। यह देश को कांग्रेस की देन है।'

गहलोत बोले- मोदी के लिए आसान नहीं होगा 2024 का चुनाव

उन्होंने कहा, '2023 में होने वाला अगला चुनाव जीतेंगे फिर 2024 के चुनाव में मोदी के लिए आसान खेल नहीं है। लगता अभी उनको है, लेकिन मेरा मानना है कि जिस प्रकार से उनकी खुद की घेराबंदी हो रही है और जिस प्रकार बिहार में नीतीश कुमार ने उनको झटका दिया है उसके बाद महंगाई व बेरोजगारी का मुद्दे को लेकर कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी के नेतृत्व में किए गए आंदोलन से मोदी सरकार हिल चुकी है और 2024 में कुछ भी परिणाम हो सकते हैं।' गहलोत ने कहा कि महंगाई व बेरोजगारी बड़ा मुद्दा है और पार्टी इसको लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाए रखेगी।

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।