Jharkhand Politics: चंपई सरकार का कैबिनेट विस्तार- बसंत सोरेन समेत 8 मंत्रियों ने ली शपथ

Jharkhand Politics - चंपई सरकार का कैबिनेट विस्तार- बसंत सोरेन समेत 8 मंत्रियों ने ली शपथ
| Updated on: 16-Feb-2024 08:48 PM IST
Jharkhand Politics: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रमुख शिबू सोरेन के सबसे छोटे बेटे बसंत सोरेन ने 7 अन्य विधायकों के साथ शुक्रवार को चंपई सोरेन के नेतृत्व में बनी नई सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। बसंत सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई हैं। हेमंत कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले में फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। झारखंड के 12 सदस्यीय मंत्रिमंडल में जिन नए चेहरों को शामिल किया गया है, उनमें झामुमो के चाईबासा से विधायक दीपक बिरुआ और दुमका से बसंत सोरेन हैं।

शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के बिरसा मंडप में हुआ और इस दौरान झामुमो नीत गठबंधन के वरिष्ठ नेता और अन्य सरकारी अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विभागों का आवंटन आज कर दिया जाएगा। सभी मंत्रियों को जिम्मेदारी देने के बाद हम झारखंड के विकास कार्य को आगे ले जाएंगे।’’

दुमका सीट से भाजपा के लुइस मरांडी को हराकर विधायक बने थे बसंत

बसंत सोरेन नवंबर 2020 में हुए उपचुनाव में दुमका सीट से भाजपा के लुइस मरांडी को 6,842 मतों से हराकर विधायक निर्वाचित हुए। झारखंड विधानसभा के लिए 2019 में हुए चुनाव में बिरुआ ने चाईबासा सीट पर भाजपा के जे बी तुबिद को 26 हजार से अधिक मतों से हराया था। हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में शामिल रहे और अब चंपई सोरेन के मंत्रिमंडल में भी शामिल किए गए नेताओं में झामुमो के मिथिलेश कुमार ठाकुर, हफीजुल हसन और बेबी देवी के अलावा कांग्रेस के रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख शामिल हैं। राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

31 जनवरी को गिरफ्तार हुए थे हेमंत सोरेन

इससे पहले दो फरवरी को 67 वर्षीय चंपई सोरेन ने राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली थी। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद 31 जनवरी को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था।

झारखंड में किस पार्टी के कितने विधायक?

राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा में झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन के 47 विधायक हैं। इनमें झामुमो के 29, कांग्रेस के 17 और राजद का एक विधायक है। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 26 और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन पार्टी (आजसू) के तीन विधायक हैं। इनके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के एक-एक विधायक और दो निर्दलीय विधायक हैं।

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।