सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली सांस

Add as Preferred Source on Google News →
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली सांस
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़ी इस वक्त की बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता सावित्री देवी का शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के उनके पैतृक गांव में निधन हो गया है। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका निधन जिले के पंचूर गांव में हुआ है। लंबे समय से बीमार चल रही सावित्री देवी ने 91 साल की उम्र में अंतिम सांस ली और इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन के बाद से पूरे राजनीतिक गलियारे और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन की खबर मिलते ही देश भर के दिग्गज नेताओं और मुख्यमंत्रियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से इस बात की जानकारी साझा की और इसे अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताया। सीएम धामी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं और प्रभु श्रीराम जी दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट लिखकर अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं और उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के स्वर्गवास का समाचार सुनकर मुझे दुख की अनुभूति हुई है। जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और ओम शांति। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी आज परलोकगमन सिधार गईं, उनका जाना अत्यंत पीड़ादायक है। मां का साथ छूटना जीवन का सबसे कठिन क्षण है। ऐसे दुःखद समय में, मैं योगी जी एवं सभी परिवारजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। बाबा विश्वनाथ पुण्यात्मा को शांति एवं परिजनों को ये आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में होने की पूरी संभावना है। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने मीडिया को यह भी बताया कि स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह से परिवार के संपर्क में हैं और आवश्यक व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। इस बीच लखनऊ में चल रही महिला मोर्चा प्रदेश प्रवास की बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और इस शोक सभा और बैठक में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा राज्य भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी विशेष रूप से उपस्थित थे और सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।

विज्ञापन