दिवाली 2026 मखाने की खीर का भोग लगाने से मां लक्ष्मी कृपा और अटका धन मिलेगा

Add as Preferred Source on Google News →
विज्ञापन
दिवाली 2026 मखाने की खीर का भोग लगाने से मां लक्ष्मी कृपा और अटका धन मिलेगा
विज्ञापन

दिवाली का पर्व मां लक्ष्मी की आराधना एवं आर्थिक संपन्नता को पाने का शुभ अवसर माना जाता है. इस दिन सभी लोग माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए पूजा करते हैं और तरह तरह के पकवानों का भोग भी लगाते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दिवाली की रात मां लक्ष्मी को मखाने की खीर का भोग लगाना बेहद शुभ माना जाता है और माना जाता है कि इससे घर में सुख समृद्धि आती है एवं आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं. साथ ही लंबे समय से अटका हुआ धन प्राप्त होने की राह भी आसान होती है. दिवाली के अवसर पर मखाने की खीर बनाकर मां लक्ष्मी को अर्पित की जाती है आइये जानते हैं आखिर क्या है देवी को मखाने की खीर भोग लगाने का अर्थ ओर कैसे यह हमारे जीवन को शुभता से भर देता है.

मां लक्ष्मी को मखाने की खीर क्यों लगाई जाती है

हिंदू धर्म में मखाने को पवित्र और सात्विक खाद्य पदार्थ माना जाता है. पूजा पाठ और व्रत के दौरान भी इसका विशेष रूप से उपयोग किया जाता है. धार्मिक परंपरा में दूध से बनी मिठाइयों और खीर को शुभ नैवेद्य माना गया है. इसी वजह से दिवाली के दिन मां लक्ष्मी को मखाने की खीर का भोग लगाने की परंपरा कई परिवारों में प्रचलित है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता लक्ष्मी को स्वच्छता, सात्विकता और मधुरता प्रिय मानी जाती है. ऐसे में शुद्ध दूध, मखाने, चीनी या मिश्री और मेवों से तैयार खीर को श्रद्धापूर्वक अर्पित करना शुभ माना जाता है.

ज्योतिष शास्त्र में मखाने और खीर का महत्व

धर्म, ज्योतिष एवं आयुर्वेद इत्यादि में मखाने के बारे में विशेष प्रमाण प्राप्त होते हैं. चंद्रमा को मन, शांति, सुख-सुविधाओं और मानसिक संतुलन का कारक माना गया है. सफेद रंग को भी चंद्रमा से जोड़ा जाता है. दूध, चावल, मिश्री और सफेद खाद्य पदार्थों को पारंपरिक रूप से चंद्रमा से संबंधित वस्तुओं में गिना जाता है और इस कारण से दूध से बनी खीर का दान या भोग शुभ माना जाता है. वहीं मखाने को सात्विक भोजन का हिस्सा माना जाता है. धार्मिक दृष्टि से सात्विक भोजन एवं बल वृद्धि का प्रतीक माना गया है. इसके उपभोग द्वारा मन में शांति एवं पवित्रता का भाव पुष्ट अर्थात मजबूत होता है. दिवाली की रात मखाने की खीर अर्पित करना इसी सात्विक परंपरा से जुड़ा हुआ है.

सिद्धिदायक अमावस्या और धन प्राप्ति के उपाय

दिवाली उन विशेष अमावस्याओं में स्थान पाती है जो बहुत ही सिद्धिदायक भी रही हैं और इस समय पर मखाने से बनी खीर को देवी लक्ष्मी को अर्पित करने से आर्थिक समृद्धि के रास्ते भी खुल जाते हैं. यह एक तरह का टोटका भी माना गया है जिसे दिवाली पर करने से व्यक्ति का अटका हुआ धन भी उसे निश्चित रूप से वापस मिल जाता है. अगर आपका पैसा लंबे समय से कहीं फंसा हुआ है या आर्थिक परेशानियां आपका पीछा नहीं छोड़ रही हैं, तो दिवाली की रात मां लक्ष्मी की पूजा करते समय श्रद्धापूर्वक मखाने की खीर का भोग लगा सकते हैं. पूजा के दौरान माता लक्ष्मी एवं भगवान गणेश का पूजन करना चाहिए. माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की एक साथ पूजा करने से सुख, समृद्धि, बुद्धि और सौभाग्य की प्राप्ति होती है.

मखाने की खीर का भोग कैसे तैयार करें

दिवाली के दिन पूजा से पहले स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करने चाहिए इसके बाद खीर बनाने के लिए दूध लें और उसमें मखाने डालकर अच्छी तरह पकाएं. स्वाद और मिठास के लिए चीनी मिलाएं. अपनी सामर्थ्य अनुसार इस भोग में थोड़े बादाम, काजू और इलायची भी डाल सकते हैं. खीर तैयार होने के बाद उसे ठंडा होने दें और एक साफ कटोरी में निकालकर पूजा की थाली में रखें. ध्यान रखें कि भोग बनाने में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री शुद्ध और सात्विक हो और पूजा स्थल की सफाई करने के बाद मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के सामने दीपक जलाएं. इसके बाद माता को खीर अर्पित करें और श्रद्धापूर्वक मंत्रों का जाप करते हुए शुभता की कामना करें.

भोग लगाने के बाद करें ये काम

मां लक्ष्मी को खीर अर्पित करने के बाद परिवार के सदस्यों में प्रसाद बांटना चाहिए. इस दिन खीर का दान करना भी अत्यंत शुभ माना जाता है. दिवाली की रात मां लक्ष्मी को मखाने की खीर का भोग लगाने से घर परिवार में माता लक्ष्मी की कृपा से धन धान्य एवं खुशहाली बनी रहती है.

विज्ञापन