6 जून का दिन भारतीय क्रिकेट के लिए काफी अहम है क्योंकि इस दिन टीम में कुछ ऐसे बदलावों का ऐलान होगा, जो आने वाले सालों के लिए टीम इंडिया की तकदीर तय करेंगे। करीब 2 महीने तक चले आईपीएल 2026 के जबरदस्त एक्शन के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम इंटरनेशनल मिशन के लिए लौट आई है। शनिवार 6 जून से भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच की शुरुआत होने जा रही है। दोनों देशों के बीच पूरे 8 साल बाद यह टेस्ट मैच खेला जा रहा है और फैंस को उम्मीद है कि दोनों के बीच अगले टेस्ट के लिए इतना लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मगर सिर्फ टेस्ट मैच ही नहीं बल्कि 6 जून का दिन भारतीय क्रिकेट में बड़े बदलाव और नए दौर का दिन है क्योंकि भारतीय टी20 टीम में नए कप्तान से लेकर कुछ नए चेहरों तक की एंट्री होने जा रही है।
भारत-अफगानिस्तान टेस्ट है खास
शनिवार 6 जून का दिन भारतीय क्रिकेट के कर्ता-धर्ताओं और फैंस के लिए काफी व्यस्त होने जा रहा है। इसकी शुरुआत सबसे पहले न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में बने महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम से होगी। इस मैदान पर भारत और अफगानिस्तान के बीच सुबह 9 बजकर 30 मिनट से एकमात्र टेस्ट मैच शुरू होगा। यह मैच इसलिए भी खास है क्योंकि इसके साथ ही यह स्टेडियम भारत में टेस्ट क्रिकेट की मेजबानी वाला 31वां वेन्यू बन जाएगा। इतना ही नहीं इस टेस्ट मैच में मानव सुथार या हर्ष दुबे में से किसी एक को मौका दिया जाएगा, जो आने वाले वक्त में भारतीय स्पिन डिपार्टमेंट का पर्मानेंट हिस्सा बन सकते हैं।
नए कप्तान से लेकर कई अहम ऐलान
लगातार टी20 क्रिकेट के बाद टेस्ट मैच देखने की उत्सुकता तो फैंस में है लेकिन शनिवार को इससे ज्यादा नजरें भारतीय टी20 टीम को लेकर होने वाले बड़े ऐलान पर टिकी हैं। जिस वक्त भारत-अफगानिस्तान की टीमें टकरा रही होंगी, उस वक्त मुंबई में बीसीसीआई के हेडक्वार्टर में मेंस सेलेक्शन कमेटी की मीटिंग चल रही होगी, जिसके बाद करीब दोपहर 1 बजे के आस-पास बड़ा ऐलान होगा। बीसीसीआई के सचिव देवजित सैकिया और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये बड़े ऐलान करने वाले हैं और भारतीय टी20 टीम को नया कप्तान मिलने जा रहा है और इसका ऐलान इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में होगा। कई दिनों की सुगबुगाहट के बाद स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कप्तानी का औपचारिक ऐलान होगा और इस तरह एक नया दौर शुरू होगा।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम का चयन
इस कॉन्फ्रेंस में ही आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान होगा, जिसमें टी20 और वनडे स्क्वॉड चुने जाएंगे। इसमें टी20 स्क्वॉड सबसे अहम है क्योंकि उम्मीद की जा रही है कि 15 साल की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम इंडिया के लिए चुना जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह अपने आप में एक इतिहास होगा। इतना ही नहीं, सितंबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भी स्क्वॉड के ऐलान की संभावना है और इसमें वैभव सूर्यवंशी का चुना जाना तय है। मगर इन गेम्स में भारतीय टीम की कप्तानी कौन करेगा, इसको लेकर उत्सुकता है।
विराट कोहली की फिटनेस पर चिंता
वहीं इंग्लैंड दौरे पर होने वाली वनडे सीरीज के लिए भी टीम का ऐलान होना है और इसको लेकर भी फैंस थोड़े बेचैन हैं। इसकी वजह विराट कोहली की फिटनेस है जो हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे और अब इंग्लैंड दौरे पर खेलना भी मुश्किल नजर आ रहा है। 6 जून का यह दिन भारतीय क्रिकेट के भविष्य की दिशा तय करने वाला साबित होगा, जहां एक तरफ टेस्ट क्रिकेट की गरिमा है तो दूसरी तरफ टी20 क्रिकेट में नेतृत्व का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।