आईपीएल 2026 सीजन में खिलाड़ियों के चोटिल होने की कहानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही कई खिलाड़ी चोट के कारण बाहर हो गए थे और यह सिलसिला टूर्नामेंट शुरू होने के बाद भी लगातार जारी है। विशेष रूप से तेज गेंदबाजों पर ही चोट की गाज सबसे ज्यादा गिरी है। गुरुवार, 16 अप्रैल को एक ही दिन में दो बड़ी टीमों को बड़ा झटका लगा है। चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार तेज गेंदबाज खलील अहमद के बाद अब सनराइजर्स हैदराबाद ने भी अपने एक प्रमुख गेंदबाज को गंवा दिया है।
सनराइजर्स हैदराबाद को लगा झटका, डेविड पेन हुए बाहर
सीजन में उतार-चढ़ाव भरे दौर से गुजर रही सनराइजर्स हैदराबाद ने गुरुवार, 16 अप्रैल को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर आधिकारिक ऐलान किया। टीम ने बताया कि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज डेविड पेन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उन्हें यह चोट टखने में लगी है, जिसके चलते वह आईपीएल सीजन में आगे खेलने लायक स्थिति में नहीं हैं और 5 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने इस सीजन में अब तक 2 मैच खेले थे, जिसमें उन्हें 2 विकेट मिले थे। डेविड पेन का रिप्लेसमेंट कौन होगा, इसका ऐलान फिलहाल टीम ने नहीं किया है, मगर जल्द ही इसकी घोषणा हो सकती है।
पैट कमिंस की वापसी से SRH को मिली बड़ी राहत
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह खबर ऐसे वक्त में आई है, जब टीम के कप्तान और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज पैट कमिंस के आईपीएल के लिए फिट होने का ऐलान हुआ है। पीठ की चोट के कारण अभी तक इस सीजन में एक भी मैच नहीं खेल पाए कमिंस हाल ही में अपने देश ऑस्ट्रेलिया लौटे थे, जहां उनकी आखिरी जांच हुई। इसके बाद ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से उनके आईपीएल के लिए फिट होने की घोषणा की गई। कमिंस अब जल्द ही टीम के लिए मैदान पर उतर सकते हैं, जो हैदराबाद के लिए एक बड़ी राहत की बात है।
चेन्नई सुपर किंग्स और खलील अहमद का झटका
इससे पहले गुरुवार को ही चेन्नई सुपर किंग्स ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद के टूर्नामेंट से बाहर होने का ऐलान किया था और इस सीजन में पहले ही खराब प्रदर्शन से जूझ रही सुपर किंग्स के लिए खलील लगातार दमदार प्रदर्शन कर रहे थे। चेन्नई को इस सीजन में मिली सिर्फ 2 जीत में खलील का भी अहम योगदान था। ऐसे में चेन्नई के लिए भी आईपीएल 2026 में परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।