दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल के 19वें सीजन के मुकाबले में एक दर्दनाक घटना देखने को मिली। दिल्ली कैपिटल्स टीम के तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिडी कैच लेने के प्रयास में अपने सिर को बुरी तरह से चोटिल कर बैठे और चोट लगने के बाद वह मैदान पर ही काफी दर्द में देखे गए और उठने में असमर्थ रहे।
प्रियांश आर्या का कैच पकड़ने के दौरान हुई दुर्घटना
यह घटना तब हुई जब पंजाब किंग्स की टीम 265 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही थी। पंजाब ने पहले 2 ओवरों में 36 रन बना लिए थे। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से तीसरा ओवर कप्तान अक्षर पटेल फेंकने आए। इस ओवर की तीसरी गेंद पर पंजाब के बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने एक बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, जिससे गेंद मिड-ऑफ की तरफ हवा में गई। वहां तैनात फील्डर लुंगी एन्गिडी ने पीछे की तरफ कदम बढ़ाते हुए कैच पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अपना संतुलन खो बैठे और सीधे सिर के बल जमीन पर गिर गए।
मैदान पर बुलानी पड़ी एंबुलेंस, सीधे अस्पताल ले जाया गया
सिर के बल गिरने के कारण लुंगी एन्गिडी को गंभीर चोट आई और वह काफी तकलीफ में नजर आए। शुरुआत में उन्हें स्ट्रेचर के जरिए मैदान से बाहर ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए तुरंत मैदान पर ही एंबुलेंस बुलाई गई। इसके बाद उन्हें सीधे अस्पताल ले जाया गया ताकि उनका उचित उपचार हो सके।