भारी बारिश और लैंडस्लाइड का कहर, मुंबई यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं रद्द, यातायात ठप

Add as Preferred Source on Google News
विज्ञापन
भारी बारिश और लैंडस्लाइड का कहर, मुंबई यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं रद्द, यातायात ठप
विज्ञापन

महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे और आसपास के मुंबई महानगर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मुंबई यूनिवर्सिटी ने आज यानी 6 जुलाई को होने वाली अपनी सभी परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन परीक्षाओं की नई तारीखों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। कॉम की परीक्षाएं शामिल थीं। भारी बारिश और भूस्खलन की संभावना के कारण छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पूरे इलाके में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।

मुंबई और पुणे के बीच यातायात पर रोक

भूस्खलन और लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और पुरानी मुंबई-पुणे हाईवे दोनों पर वाहनों का आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से दोनों दिशाओं यानी पुणे से मुंबई और मुंबई से पुणे जाने वाले यातायात को अगली सूचना तक पूरी तरह से रोक दिया है और कोल्हापुर रेंज के आईजीपी रंजन कुमार शर्मा ने नागरिकों से विशेष अपील की है कि वे पुणे और मुंबई के बीच किसी भी तरह की यात्रा करने से बचें और अपने सफर को फिलहाल के लिए स्थगित कर दें। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर हैं।

लोहगढ़ किले के पास पाटन गांव में बड़ा हादसा

पुणे के मावल तालुका में स्थित लोहगढ़ किले के पास के पाटन गांव में सोमवार तड़के एक बड़ा भूस्खलन हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से एक मकान मलबे में दब गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ऐसी आशंका जताई जा रही है कि उस मकान में रहने वाला पूरा परिवार मलबे के नीचे फंसा हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और एनडीआरएफ की पुणे स्थित 5वीं बटालियन से मदद मांगी। इसके बाद, इंस्पेक्टर रविंदर के नेतृत्व और सहायक कमांडेंट चंद्रकेतु शर्मा की देखरेख में 30 सदस्यीय टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। इस टीम में 1 अधिकारी, 2 वरिष्ठ अधिकारी और 27 जवान शामिल हैं जो आवश्यक आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ सुबह 5 बजकर 50 मिनट पर रवाना हुए। जिला सूचना कार्यालय पुणे के मुताबिक, वर्तमान में बचाव अभियान जारी है और अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।

रेलवे सेवाओं पर असर और रेल मंत्री की समीक्षा

भारी बारिश का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा है। करजत-लोनावला घाट सेक्शन में भूस्खलन होने के कारण सेंट्रल रेलवे की कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और कई के मार्ग बदल दिए गए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों का स्टेटस जरूर जांच लें। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई-पुणे घाट खंड में भारी भूस्खलन और रेलवे ट्रैक पर चट्टानें गिरने से उत्पन्न स्थिति की विस्तृत समीक्षा की है। उन्होंने बताया कि बहाली के काम के लिए रेलवे की टीमें पूरी तरह से तैयार हैं। रेल मंत्री ने कहा कि आज भी भारी बारिश की आशंका है, इसलिए उन्होंने पश्चिमी और मध्य रेलवे दोनों के अधिकारियों को एक टीम के रूप में काम करने का निर्देश दिया है ताकि सभी ट्रेन सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।

लोकल ट्रेनों की स्थिति और वैकल्पिक मार्ग

सेंट्रल रेलवे के चारों कॉरिडोर पर फिलहाल लोकल ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं। हालांकि, मेन लाइन पर ट्रेनें अपने तय समय से 6 से 8 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि हार्बर लाइन की ट्रेनें 4 मिनट की देरी से चल रही हैं। ट्रांस-हार्बर और उरण-बेलापुर लाइनें अपने निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं। दूसरी ओर, मावल और तामिणी घाट क्षेत्र की सड़कों पर बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है, जिससे पुणे से मुंबई जाने वाले वैकल्पिक मार्ग भी प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक हिस्से पर खंडाला एग्जिट के पास एक बड़ा भूस्खलन हुआ है, जिसके कारण मुंबई जाने वाली लेन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मार्ग को दोबारा शुरू करने के प्रयास युद्ध स्तर पर जारी हैं ताकि यातायात सुचारू हो सके।

विज्ञापन