नाइजीरिया की महिला क्रिकेट टीम ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए आईसीसी अंडर-19 वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। एक बेहद रोमांचक और सांसें रोक देने वाले फाइनल मुकाबले में नाइजीरिया ने जिम्बाब्वे को 4 रन के मामूली अंतर से हराकर विश्व कप का टिकट हासिल किया। इस जीत की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि नाइजीरिया की टीम पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक भी मैच नहीं हारी और अजेय रहते हुए अफ्रीका से क्वालीफाई करने वाली एकमात्र टीम बनी और अब यह टीम आगामी वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के साथ मिलकर अपने महाद्वीप का प्रतिनिधित्व करेगी। बता दें कि इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी संयुक्त रूप से बांग्लादेश और नेपाल के पास है।
नाइजीरिया की बल्लेबाजी और चुनौतीपूर्ण लक्ष्य
मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी नाइजीरिया की टीम ने एक मुश्किल पिच पर संघर्ष करते हुए 98 रन बनाए। टीम की कप्तान क्रिस्टाबेल चुकवुओन्ये ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 21 रनों का योगदान दिया। उनके अलावा ब्यूटी ओगुआई ने 19 रन और जेसिका बिएनी ने 15 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। इन छोटी लेकिन अहम पारियों की बदौलत नाइजीरिया एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंच सका। जिम्बाब्वे की ओर से गेंदबाजी करते हुए क्रिस्टीन मुतासा ने शानदार प्रदर्शन किया और 2 विकेट चटकाए, जबकि तादिवानाशे गारुत्सा ने 1 विकेट लेकर नाइजीरियाई बल्लेबाजों पर लगाम लगाने की कोशिश की।
नाइजीरियाई गेंदबाजों का शानदार बचाव
99 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने अंत तक मैच में अपनी पकड़ बनाए रखी थी। जिम्बाब्वे की ओर से सलेम मुसेका ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए, जबकि बेथेल जिन्यामा ने 21 रन और निकोलेट न्यिका ने 18 रनों का योगदान दिया। हालांकि, नाइजीरिया की गेंदबाजों ने सही समय पर विकेट निकालकर जिम्बाब्वे पर दबाव बनाए रखा। मैच आखिरी ओवर तक चला और जिम्बाब्वे की टीम आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर 94 रन पर ही सिमट गई। गेंदबाजी में नाइजीरिया के लिए यूसेन पीस सबसे सफल रहीं, जिन्होंने 3 विकेट झटके। वहीं, जेनिफर गॉडविन और एनॉइंटेड अखिग्बे ने 2-2 विकेट लेकर अपनी टीम को इस छोटे से स्कोर का बचाव करने और जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
अन्य मुकाबले: तंजानिया और नामीबिया की जीत
टूर्नामेंट के अन्य प्लेऑफ मुकाबलों में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पांचवें स्थान के लिए हुए मैच में तंजानिया ने केन्या को 29 रन से शिकस्त दी। तंजानिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 106 रन बनाए और फिर केन्या की टीम को 19 ओवर में महज 77 रन पर ही ढेर कर दिया। वहीं, सातवें स्थान के लिए खेले गए मैच में नामीबिया ने मलावी पर 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। 1 ओवर में ही हासिल कर लिया। इन परिणामों के साथ ही क्वालीफाइंग टूर्नामेंट का समापन हुआ।