राज्यसभा चुनावों की वोटिंग में अब केवल एक दिन बचा है। कांग्रेस और BJP के विधायक बाड़ेबंदी में वोटिंग की प्रैक्टिस भी कर रहे हैं। BJP की बाड़ेबंदी में ही विधायकों को मॉक पोल करवाया जा रहा है।
बुधवार को हुए मॉक पोल में BJP के पांच विधायकों के वोट खारिज हो गए। वोट खारिज होने के बाद जब दोबारा से मॉक पोलिंग करवाई गई तो दो विधायक दूसरी बार भी गलती कर गए और फिर उनके वोट खारिज हो गए।
जिन विधायकों के वोट खारिज हुए उनमें सूर्यकांता व्यास, पूराराम चौधरी अनुभवी विधायक हैं और कई बार राज्यसभा चुनावों में वोट डाल चुके हैं। हरेंद्र निनामा पहली बार विधायक बने हैं। अनुभवी विधायकों से इस तरह गलती करने से अब BJP खेमे की चिंता बढ़ गई हैं। अगर असल में वोट खारिज हो गए तो पार्टी की भारी किरकिरी हो सकती है।
सुभाष चंद्रा को जो BJP विधायक वोट देंगे, उनमें एक का वोट मॉक पोलिंग में दो बार खारिज
BJP ने घनश्याम तिवाड़ी और निर्दलीय सुभाष चंद्रा को वोट देने के लिए विधायकों की लिस्ट बनाकर पहले से तय कर दिया है। ज्यादातर वरिष्ठ नेताओं को घनश्याम तिवाड़ी को वोट करने वाली लिस्ट में लिया है। सुभाष चंद्रा को वोट देने के लिए जिन 30 विधायकों को छांटा गया है।
मॉक पोलिंग में उसका ही एक वोट खारिज हो गया। दो बार की मॉक पोलिंग में भी सुभाष चंद्रा को वोट करने वाले विधायक सही वोट नहीं डाल पाए और वोट खारिज हो गया। BJP की
वरिष्ठ विधायक सूर्यकांता व्यास को सुभाष चंद्रा को वोट करने वाल लिस्ट में नाम है। सुभाष चंद्रा ने कांग्रेस से आठ विधायकों के क्रॉस वोटिंग का दावा किया था।
BJP आज फिर मॉक पोल करवाएगी BJP के विधायकों को गुरुवार को फिर वोट करने की प्रैक्टिस करवाई जाएगी। बुधवार को हुई गलतियों के बाद आज फिर एरर फ्री वोटिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। बताया जाता है कि जिन विधायकों के वोट खारिज हुए उन्होंने वोट डालने के दौरान सावधान नहीं बरती, जिसकी वजह से साइन बॉक्स के बाहर चले गए, असल पोलिंग में ऐसा करने पर वोट खारिज हो जाते हैं।
जानिए कब-कब खारिज हो जाता है वोट
राज्यसभा चुनावों में वोटिंग में बहुत सावधानी की जरूरत होती है। यहां प्रायरिटी के हिसाब से वोटिंग करनी होती है। विधायक किस उम्मीदवार को किस प्रायरिटी में वोट देगा, यह पहले से तय होता है। इसमें चुनाव आयाेग से तय बैंगनी कलर की स्याही के पेन से ही वोटिंग करनी होती है। अगर दूसरी स्याही इस्तेमाल की तो वोट खारिज हो जाता है।
हरियाणा में 2016 के राज्यसभा चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा की जीत के पीछे यही कारण रहा था, वहां कांग्रेस के 16 विधायकों के वोट गलत स्याही के इस्तेमाल करने की वजह से खारिज हो गए थे। राज्यसभा में विधायक अपनी पार्टी के प्रतिनिधि को दिखाकर वोट डालता है कि उसने किसे वोट दिया है, लेकिन अगर दूसरी पार्टी के विधायक को वोट दिखा दिया तो वह खारिज हो जाता है
। जैसे कांग्रेस विधायक ने अगर BJP के विधायक या पोलिंग एजेंट को वोट दिया तो वोट खारिज माना जाएगा। इसी तरह किसी निर्दलीय ने कांग्रेस-BJP के एजेंट को वोट दिखा दिया तो भी खारिज हो जाएगा।
कांग्रेस विधायक आज करेंगे मॉक पोलिंग, आज प्लेन से जयपुर शिफ्ट होंगे
कांग्रेस विधायकों की भी बाड़ेबंदी के बीच मॉक पोलिंग होनी है। आज कांग्रेस विधायकों को वोट देने की प्रैक्टिस करवाई जाएगी। कांग्रेस और समर्थक विधायकों को गुरुवार दोपहर बाद प्लेन से जयपुर शिफ्ट किया जाएगा। सप्ताह भर से कांग्रेस विधायक बाड़ेबंदी में हैं। कांग्रेस विधायकों को उदयपुर से स्पेशल प्लेन के जरिए जयपुर एयरपोर्ट लाया जाएगा, यहां से सीधे दिल्ली रोड के होटल में शिफ्ट किया जाएगा। इसी होटल से शुक्रवार को सीधे विधानसभा पहुंचेंगे।