पाकिस्तान में इमरान खान की रिहाई के लिए बड़ा आंदोलन, इस्लामाबाद में धारा 144 लागू, 2000 गिरफ्तार

Add as Preferred Source on Google News →
विज्ञापन
पाकिस्तान में इमरान खान की रिहाई के लिए बड़ा आंदोलन, इस्लामाबाद में धारा 144 लागू, 2000 गिरफ्तार
विज्ञापन

पाकिस्तान में एक बार फिर राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बन गया है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल से रिहाई की मांग को लेकर उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने एक विशाल विरोध मार्च शुरू कर दिया है। यह कूच खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मारवत से शुरू हुआ है और लगभग 275 किलोमीटर की दूरी तय कर इस्लामाबाद पहुंचने की योजना है। इस आंदोलन ने देश की राजधानी में सुरक्षा और राजनीतिक हलचल को तेज कर दिया है, जिससे आसिम मुनीर और शहबाज सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं।

वार्ता की विफलता और आंदोलन का आगाज

सरकार के वार्ताकारों और पीटीआई के नेताओं के बीच दो दौर की बातचीत हुई, लेकिन दोनों ही बेनतीजा रहीं और बातचीत का दूसरा दौर शनिवार शाम 4 बजे शुरू हुआ था और पूरी रात चलता रहा। रविवार तड़के यह वार्ता बिना किसी ठोस नतीजे के समाप्त हो गई। सहमति न बन पाने के कारण पीटीआई ने अपने समर्थकों के साथ इस्लामाबाद की ओर बढ़ने का फैसला किया। इस मार्च के कारण सरकार और विपक्षी दल के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है, क्योंकि सरकार किसी भी कीमत पर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश कर रही है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और गिरफ्तारियां

पीटीआई के इस लॉन्ग मार्च को देखते हुए इस्लामाबाद में धारा 144 लागू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी शहर में घुसने या विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए संसद और प्रमुख राजमार्गों को कंटेनर लगाकर सील कर दिया गया है। पीटीआई का दावा है कि पुलिस ने उनके लगभग 2000 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। सरकार ने यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर उठाया है, जबकि पीटीआई इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बता रही है।

मार्च का पूरा कार्यक्रम और रूट

यह मार्च रविवार 4 अक्टूबर से शुरू हुआ है। पीटीआई समर्थक गांडी चौक पर जमा हुए और वहां से अपना सफर शुरू किया और कार्यक्रम के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात काफिला करक के पास रुका। 5 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे काफिला करक से रवाना होकर रात को कोहाट के पास ठहरेगा। 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे कोहाट, हंगू, कुर्रम और ओरकजई के प्रदर्शनकारी इसमें शामिल होंगे और काफिला पेशावर की ओर बढ़ते हुए रात को मत्तानी के पास रुकेगा। 7 अक्टूबर को काफिला पेशावर के बुध बैर से रवाना होगा और कोहाट रोड ब्रिज व मोटरवे टोल प्लाजा पर अन्य समर्थक इसमें जुड़ेंगे, जिसके बाद रात का ठहराव चरसद्दा इंटरचेंज के पास होगा। 8 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे चरसद्दा और मोहम्मद के लोग भी इस आंदोलन का हिस्सा बनेंगे।

इमरान खान की कानूनी स्थिति और स्वास्थ्य चिंताएं

73 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर और राजनेता इमरान खान 2023 से जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार और हिंसा भड़काने जैसे 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं और वह वर्तमान में रावलपिंडी की अदियाला जेल में हैं। पीटीआई नेताओं की मुख्य मांग है कि उन्हें जेल में इमरान खान से मिलने दिया जाए और उनके स्वास्थ्य की जांच के लिए प्राइवेट डॉक्टर की अनुमति मिले। विशेष रूप से उनकी आंखों की रोशनी से जुड़ी समस्याओं को लेकर चिंता जताई गई है। 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें निजी अस्पताल भेजने का आदेश दिया था, जिसे सरकार ने चुनौती दी है। यह मार्च पहले 27 सितंबर को होना था, लेकिन सरकार की सख्ती के कारण इसे 4 अक्टूबर तक टाल दिया गया था, जिससे देश पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ा है।

विज्ञापन