विज्ञापन

पीएम मोदी का कृष्णानगर में बड़ा हमला: 'झालमुड़ी मैंने खाई और मिर्ची TMC को लगी'

पीएम मोदी का कृष्णानगर में बड़ा हमला: 'झालमुड़ी मैंने खाई और मिर्ची TMC को लगी'
विज्ञापन

पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं जब से राजनीति में आया हूं, मैं कह सकता हूं कि पिछले 50 साल में ये पहला चुनाव ऐसा है, जिसमें हिंसा कम से कम हुई है। प्रधानमंत्री ने पुरानी स्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले हर हफ्ते किसी न किसी को फांसी पर लटका दिया जाता था और उसे आत्महत्या करार दे दिया जाता था, एक प्रकार से गुंडाराज चलता था।

'झालमुड़ी' पर तंज और चुनावी माहौल

प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में कहा कि बंगाल से मिल रही जानकारियां संकेत दे रही हैं कि हवा बदल रही है। उन्होंने कहा कि जहां भी मतदान अधिक हुआ है, वहां भाजपा को जीत मिली है। मोदी ने मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रयोग के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि कृष्णानगर में आज भय पर भरोसे की विजय का विश्वास दिख रहा है। यह उत्साह और उमंग भरोसे का प्रतीक है और बरसों से जिनकी आवाज को दबाकर रखा गया था, वे अब गांव-गांव और गली-गली में एक सुर में बोल रहे हैं।

टीएमसी के खिलाफ जनता का आक्रोश

पीएम मोदी ने अपने भाषण में 'झालमुड़ी' का जिक्र करते हुए कहा, "भाजपा-NDA की विजय का परचम आपको पूरी शक्ति से लहराना है। 4 मई को बंगाल में भाजपा की विजय का जश्न होगा, मिठाई बंटेगी और झालमुड़ी भी बांटी जाएगी। झालमुड़ी ने भी कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है। झालमुड़ी मैंने खाई... " उन्होंने दावा किया कि टीएमसी के विधायकों, मंत्रियों, स्थानीय नेताओं और उनके सिंडिकेट के खिलाफ जनता में इतना गुस्सा है कि कई जिलों में टीएमसी का खाता तक नहीं खुलेगा।

जंगलराज के खिलाफ मतदान

प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 साल पहले जनता ने वामपंथ के विरुद्ध बिगुल फूंका था, लेकिन आज तृणमूल के 'जंगलराज' के विरुद्ध बंगाल की जनता हर गली-मोहल्ले में शंख फूंक रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चुनाव मोदी या उनके साथी नहीं, बल्कि बंगाल की जनता जनार्दन खुद लड़ रही है। मोदी ने कहा कि किसान, सरकारी कर्मचारी, डॉक्टर, वकील, शिक्षक, दुकानदार, रिक्शा वाले और टैक्सी वाले सभी टीएमसी के भय और सिंडिकेट से मुक्ति के लिए वोट कर रहे हैं। यहां तक कि बंगाल की पुलिस भी गुंडों के बजाय जनता की सेवा के लिए मतदान कर रही है।

टीएमसी के शासन मॉडल पर प्रहार

पीएम मोदी ने टीएमसी के शासन को 'झूठ और धोखे' की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि 15 साल के कार्यकाल में हर वादा अधूरा रहा और स्थानीय नगरपालिकाओं में 'लूट' का मॉडल देखा गया है। उन्होंने चुनाव आयोग को बंगाल में लोकतंत्र की गरिमा बहाल करने के लिए बधाई दी और सरकारी कर्मचारियों की भी सराहना की। मोदी ने कहा कि अब तक की जानकारी के अनुसार, मतदाताओं की भागीदारी पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है।

विज्ञापन