झारखंड: खूंटी की रैली में पीएम मोदी बोले, पहले चरण के मतदान से ये तीन बातें स्पष्ट हुईं

झारखंड - खूंटी की रैली में पीएम मोदी बोले, पहले चरण के मतदान से ये तीन बातें स्पष्ट हुईं
| Updated on: 03-Dec-2019 02:38 PM IST
नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के खूंटी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले ही देश ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंति मनाई है। आज जब उनकी धरती पर मैं आप सभी के बीच आया हूं, तो एक बार फिर भगवान बिरसा मुंडा को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रही है, क्योंकि आदिवासी हितों की रक्षा में भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। ये अटल जी की ही भाजपा सरकार थी, जिसने जनजातीय समुदाय के लिए अलग झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्यों का गठन किया।

पीएम मोदी की खूंटी रैली की खास बातें

1- पहले चरण के मतदान से तीन बातें स्पष्ट हुई हैं। पहली- लोकतंत्र को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में अपने योगदान के प्रति झारखंड के लोगों की आस्था अभूतपूर्व है। दूसरी- जिस प्रकार भाजपा सरकार ने नक्सलवाद की कमर तोड़ी है, उसे बहुत ही छोटे इलाके तक समेट दिया है, उससे डर का माहौल कम हुआ है, विकास का माहौल बना है। पहले चरण के मतदान के बाद तीसरी बात ये भी स्पष्ट हुई है कि, झारखंड के लोगों में भाजपा सरकार के प्रति एक विश्वास की भावना है। ये भाव है कि झारखंड का विकास कोई दल कर सकता है, तो वो सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही है।

2- आज झारखंड के हर व्यक्ति को केंद्र और झारखंड सरकार की किसी ना किसी योजना का सीधा लाभ पहुंच रहा है। बिना किसी वर्ग के भेदभाव के, बिना किसी जाति के भेदभाव के, बिना किसी पंथ के भेदभाव, हर झारखंड वासी के विकास के लिए समान भावना से हम काम कर रहे हैं।

3- आज उन क्षेत्रों में भी बिजली का तार पहुंचा है, जिन गांव में पहुंचना तक मुश्किल था। आज वो क्षेत्र भी सड़क से जुड़ रहे हैं, जहां कभी विरोधी दल के नेता झांकते भी नहीं थे।

4- आज उन जनजातीय क्षेत्रों में भी पानी की पाइप पहुंच रही है, जिनको कांग्रेस-JMM की सरकारों ने अपने हाल पर छोड़ दिया था। आज उन गरीब, पिछड़ों और आदिवासी परिवारों को भी अपना घर मिल पा रहा है, जिनको कांग्रेस-JMM की सरकारों ने झोंपड़ियों में रहने के लिए मजबूर कर रखा था। 

5- दिल्ली और रांची में भाजपा का डबल इंजन, किसानों और आदिवासियों का जीवन आसान बनाने का काम कर रहा है। यहां के सभी किसान और खेती से जुड़े आदिवासी परिवारों के बैंक खाते में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत सीधी मदद जमा की जा रही है

6- वरना आपके पड़ोस में जहां भाजपा की सरकारें नहीं है, वहां की स्थिति आप देख लीजिए।  वहां किसानों के साथ, आदिवासियों के साथ, पिछड़ों के साथ झूठे वायदे करके कांग्रेस और उसके साथी दलों ने सरकार तो बना ली, लेकिन अब वादा पूरा करने से दूर भाग रहे हैं

7- झारखंड ये भली-भांति जानता है कि कांग्रेस-JMM की राजनीति छल और स्वार्थ की है, जबकि भाजपा कर्म और सेवा भाव से काम करती है।

8- जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 अब हट चुका है। अब केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर को विकास और विश्वास के पथ पर ले जाने की जिम्मेदारी आदिवासी अंचल में ही जन्मे, पले-बढ़े, उपराज्यपाल जी के कंधे पर है।

9- रामजन्मभूमि को लेकर जिस विवाद को कांग्रेस और उसके सहयोगियों की सरकारों ने लगातार लटकाए रखा, वो भी शांतिपूर्ण ढंग से हल हो गया। ऐसे अनेक वादे जो हमने आपसे किए थे, वो आज जमीन पर उतर चुके हैं।

10- झारखंड देश के उन राज्यों में है, जहां बहनों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ तेज़ी से भी मिला है और डबल लाभ भी मिला है। जैसे उज्जवला योजना के तहत बाकी देश में एक मुफ्त सिलेंडर मिला है, वहीं झारखंड में दो सिलेंडर दिए गए हैं। यहां की भाजपा सरकार ने आपको डबल बेनिफिट दिया है।

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।