देश: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, लाखों के इनामी नक्सली दंपति का सरेंडर

देश - महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, लाखों के इनामी नक्सली दंपति का सरेंडर
| Updated on: 12-May-2022 08:20 PM IST
मुंबईः महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गढ़चिरौली के नामी और लाखों के इनामी नक्सली दंपति ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। दोनों पर करीब 12 लाख रुपये का इनाम था। सरेंडर करने वाले नक्सलियों के नाम विकास सुकांत विनोद पाड़ा और राजी देबो है। करीब 10 सालों से दोनों नक्सली संगठनों से जुड़े थे। गढ़चिरौली के एसपी अंकित गोयल ने बताया कि गढ़चिरौली पुलिस के सामने PLGA नक्सली संगठन के दो नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। दोनों पति-पत्नी हैं। दोनों के ऊपर कई मामले दर्ज हैं और दोनों पर 12 लाख रुपये का इनाम महाराष्ट्र सरकार की तरफ से रखा गया था।

नक्सली दंपति का क्षेत्र में काफी प्रभाव था। दोनों खतरनाक नक्सली माने जाते रहे हैं। एसपी अंकित गोयल ने बताया कि दोनों करीब 10 साल से ज्यादा समय से नक्सली संगठनों से जुड़े हुए थे, लेकिन नक्सलियों के रक्त रंजित संदेश और खूनी कार्रवाई से वे परेशान होने लगे। इसके बाद दोनों ने इस खूनी विचारधारा को छोड़ने का मन बनाया और आज दोनों ने आत्मसमर्पण कर दिया।

हाल ही में मुठभेड़

महाराष्ट्र में गढ़चिरौली नक्सलियों का गढ़ है। हाल में पुलिस के साथ गढ़चिरौली में नक्सलियों की मुठभेड़ हुई थी जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल घायल भी हो गया था। जब गढ़चिरौली पुलिस की विशेष लड़ाकू इकाई सी 60 कमांडो का एक दल गश्त लगा था तभी घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने कमांडो दल पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसके बाद कमांडो ने भी जवाबी कार्रवाई की थी। इससे पहले अप्रैल में नक्सलियों ने गढ़चिरौली में हमला कर दो ग्रामीणों की भी हत्या कर दी थी। हालांकि दोनों ग्रामीण पहले नक्सली संगठन में रह चुके थे, लेकिन बाद में वे संगठन से हटकर सामान्य जीवन जीने लगे। इसके बाद दोनों पर मुखबिरी का आरोप लगाकर हत्या कर दी। दोनों की उम्र महज 20 वर्ष के आस पास थी। पिछले साल नवंबर में नक्सलियों का प्रमुख नेता मिलिंद तेलतुम्बड़े एनकाउंटर में मारा गया था। उसके साथ 25 नक्सलियों का भी सफाया हो गया था। तेलतुम्बड़े पर 50 लाख का इनाम था।

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।