लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को FICCI में पीएम मोदी के उस भाषण को लेकर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने उद्योगपतियों से नौकरी देने, और सैलरी नहीं बढ़ाने को लेकर बयान दिया था। राहुल गांधी ने कहा कि ये उद्योग जगत के लीडर्स पर लगाए गए आरोप नहीं हैं, बल्कि मोनोपोली बनाने और एक समान अवसर को खत्म करने का उनका खुद का कबूलनामा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल गुरुवार को अपने संबोधन के दौरान उद्योगपतियों से सवाल किया था कि सरकार की ओर से टैक्स में भारी छूट दिए जाने के बावजूद, उस अनुपात में नौकरियां क्यों नहीं पैदा हुईं और लोगों की सैलरी क्यों नहीं बढ़ीं? उन्होंने उद्योगपतियों को चुनौती दी कि वे उपभोक्ताओं की बढ़ी हुई परचेजिंग पावर को अधिक रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में बदलें। इसी बयान पर अब सियासत गरमा गई है और विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि कल पीएम मोदी उद्योगपतियों को ताना मार रहे थे कि हमने टैक्स घटा दिया, फिर भी आपने न तो सैलरी बढ़ाई और न ही नौकरियां पैदा कीं। राहुल गांधी ने मोदी जी को संबोधित करते हुए कहा कि ये उन पर लगाए गए आरोप नहीं हैं, बल्कि यह आपका अपना ही कबूलनामा है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि आप कहते हैं कि आपकी भूख इतनी बड़ी है कि आपको चाहे कितना भी दे दिया जाए, पेट नहीं भरता। राहुल ने इसे बिल्कुल सही बताया और कहा कि पूरा देश जानता है कि यह भूख किसकी है।
राहुल गांधी ने आगे हमला बोलते हुए कहा कि जिन्हें एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें सौंप दी गईं, उन्होंने लोगों के लिए आखिर कितनी नौकरियां पैदा कीं? राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में आगे कहा कि छोटे व्यापारी और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम जो नौकरियां पैदा करते हैं, उन्हें तो आपने नोटबंदी और गलत जीएसटी के जरिए बर्बाद कर दिया। और जो बड़ी कंपनियां ईमानदारी से मुकाबला करती थीं, उनके लिए तो आपने पूरा मैदान ही खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि अब मोनोपोली से नौकरियां पैदा नहीं होतीं, बल्कि इसकी वजह से कीमतें बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा खत्म हो जाती है।
प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि क्या आप लोग करो, हम देख लेंगे और मोदी जी, लूट आपने और आपके दोस्तों ने मचाई है, इसे पूरे देश ने देखा है और अभी भी देख रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि पीएम मोदी इसलिए नाराज हो गए क्योंकि उनके भाषण पर उन्हें कोई तालियां नहीं मिलीं। उन्होंने कहा कि आपकी गलत नीतियों ने किसी को भी ऐसा नहीं छोड़ा जो आपकी तारीफ कर सके। न उद्योगपति, न छोटे व्यापारी, न महंगाई से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग, और न ही देश के बेरोजगार युवा। उन्होंने कहा कि किसी को ताली बजाने लायक छोड़ा ही नहीं गया है।
राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि अब आपके पास जो भी भक्त बचे हैं, उन्हीं से अपनी तारीफ करवा लीजिए और उनसे थालियां बजवा लीजिए। गौरतलब है कि दिल्ली में कल गुरुवार को FICCI की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने कहा था कि उनकी सरकार ने कारोबारी माहौल को बेहतर बनाने के लिए ढेरों कदम उठाए हैं। इनमें 2014 में 30 प्रतिशत मूल कॉर्पोरेट टैक्स की दर को घटाकर 22 प्रतिशत करना, टैक्स रिटर्न और रिफंड की प्रक्रियाओं को काफी सरल बनाने के साथ ही कई उत्पादों पर जीएसटी की दरों में भारी कमी करना शामिल है।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने उद्योग जगत के नेताओं से कहा था कि मुझे पता है कि आप तालियां नहीं बजाएंगे। मुझे यह अच्छी तरह पता है, क्योंकि आपकी भूख इतनी बड़ी है कि आप चाहे जितना भी पा लें, वह कभी काफी नहीं होता। पीएम ने यह भी कहा था कि मैंने 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स में राहत दी है, लेकिन क्या आपने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या आपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई? नहीं! इसी पूरे घटनाक्रम पर राहुल गांधी ने कड़ा पलटवार करते हुए इसे सरकार की विफलताओं का स्वीकारोक्ति पत्र करार दिया है।