रोहित शर्मा का खुलासा: 19 साल के करियर में 19 नवंबर जैसा दर्द कभी नहीं देखा

Add as Preferred Source on Google News →
विज्ञापन
रोहित शर्मा का खुलासा: 19 साल के करियर में 19 नवंबर जैसा दर्द कभी नहीं देखा
विज्ञापन

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल की हार पर अपना दर्द साझा किया है। उन्होंने खुलासा किया है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली वह हार उनके 19 साल के लंबे क्रिकेट करियर का सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण समय था। अहमदाबाद के मैदान पर मिली उस हार ने न केवल रोहित शर्मा को बल्कि पूरी भारतीय टीम को अंदर से झकझोर कर रख दिया था। रोहित ने बताया कि उस हार ने टीम के भीतर जीत की एक ऐसी जबरदस्त भूख और तड़प पैदा की, जिसने अगले ही साल टीम को 11 साल का सूखा खत्म करने और टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने की शक्ति प्रदान की। गौरतलब है कि रोहित हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे।

19 साल के करियर का सबसे बड़ा दर्द

रोहित शर्मा ने अपने शो फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा में बातचीत करते हुए कहा कि साल 2007 से लेकर अब तक के उनके 19 साल के करियर में 19 नवंबर 2023 जैसा दर्द उन्होंने कभी महसूस नहीं किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा बुरा समय पहले कभी नहीं देखा था और रोहित ने अपने करियर के एक और कठिन दौर का जिक्र किया, जब साल 2012 में श्रीलंका दौरे पर उनका प्रदर्शन बहुत खराब रहा था। उस समय वह अपने खेल से काफी निराश थे, लेकिन उन्होंने बताया कि वह उनका व्यक्तिगत लक्ष्य था। इसके विपरीत, 19 नवंबर का दिन सिर्फ उनका व्यक्तिगत सपना नहीं था, बल्कि पूरे देश की उम्मीदें उससे जुड़ी थीं। पूरे देश का सपना टूटना उनके लिए सबसे ज्यादा दर्दनाक अनुभव रहा।

हार से मिली जीत की प्रेरणा

रोहित शर्मा ने आगे कहा कि भारत में वर्ल्ड कप खेलना और उस दौरान टीम का प्रदर्शन इतना शानदार होना कि कभी हार की उम्मीद ही न हो, इस वजह से वह हार और भी ज्यादा चुभने लगी थी। उन्होंने खेल के दर्शन पर बात करते हुए कहा कि जब आपको लगने लगे कि सब कुछ एकदम सही चल रहा है, तभी अचानक कोई न कोई झटका आपको नीचे गिरा देता है। यही वह सीख है जो स्पोर्ट्स से मिलती है। रोहित का मानना है कि अगर वह हार नहीं मिलती, तो शायद 2024 में टीम टी20 वर्ल्ड कप ना जीत पाती। उस हार ने ही टीम के अंदर वह जबरदस्त तड़प और भूख पैदा की थी। रोहित ने याद किया कि जब वे 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के लिए वेस्टइंडीज और अमेरिका पहुंचे, तो टीम के हर एक खिलाड़ी में जो अलग तरह की ऊर्जा और जीतने की बेचैनी दिख रही थी, वैसी उन्होंने पहले कभी नहीं देखी थी।

10 लगातार जीत और फिर वो खिताबी मुकाबला

19 नवंबर 2023 की रात भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक कभी ना भूलने वाला गम लेकर आई थी। उस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल तक का सफर तय किया था और टीम खिताब जीतने की प्रबल दावेदार थी। लेकिन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस की शानदार कप्तानी और ट्रेविस हेड की तूफानी शतकीय पारी के आगे भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, इस हार के 11 महीने के बाद 29 जून को भारत ने बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया और 11 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म किया।

विज्ञापन