Bollywood | एसएस राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' ने देश में रिकॉर्ड तोड़ कलेक्शन किया। साउथ के साथ ही हिंदी भाषी क्षेत्रों में इसने बंपर कमाई की। राम चरण और एनटीआर रामाराव स्टारर फिल्म वर्ल्डवाइड करीब 1200 करोड़ का बिजनेस करने में सफल रही। समीक्षकों से लेकर दर्शकों तक ने इसे जमकर सराहा। शुक्रवार को फिल्म जापान में रिलीज हुई है। फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। जापान में किसी भारतीय फिल्म की यह बेस्ट ओपनिंग है। फिल्म ने इस लिस्ट में प्रभास की 'साहो' को पीछे छोड़ दिया है।
जापान में बेस्ट ओपनिंग वाली फिल्म
'आरआरआर' ने जापान में 'साहो' की कमाई का रिकॉर्ड तोड़ दिया। Sacnilk डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 18 मिलियन जापानीज यूरो कमाए हैं जो कि करीब 1.06 करोड़ रुपये है। इससे पहले 'साहो' ने पहले दिन 90 लाख का कलेक्शन किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वीकेंड पर फिल्म 3.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर सकती है।
फैन्स से मिलते दिखे थे जूनियर एनटीआर
'आरआरआर' के निर्देशक राजामौली, एक्टर राम चरण और जूनियर एनटीआर सहित फिल्म की टीम प्रमोशन के लिए जापान में हैं। राम चरण ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था जिसमें एक्टर्स के साथ उनकी पत्नियां भी नजर आई थीं। एक वीडियो में जूनियर एनटीआर होटल की लॉबी में प्रशंसकों से मिलते दिखे।
ऑस्कर में एंट्री नहीं होने से निराशा
बता दें कि फिल्म में आलिया भट्ट और अजय देवगन कैमियो रोल में हैं। हाल ही में फैन्स को उस वक्त निराशा हुई जब यह भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री के लिए सेलेक्ट नहीं हुई थी। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया ने शनिवार को ऐलान किया कि इस साल इवेंट के दौरान 'आरआरआर' की स्क्रीनिंग की जाएगी।