भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए अपने 8 उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए इन नामों पर अपनी अंतिम मुहर लगा दी है। भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी और राज्यसभा सांसद तरुण चुग द्वारा जारी की गई इस सूची ने राज्य की राजनीति में नई चर्चाएं छेड़ दी हैं। पार्टी ने इस बार संतुलित दृष्टिकोण अपनाते हुए अनुभवी नेताओं और नए चेहरों के बीच एक तालमेल बिठाने की कोशिश की है। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए आगामी 16 अक्टूबर को मतदान होना है, जिसके लिए भाजपा ने अपनी बिसात बिछा दी है।
घोषित उम्मीदवारों की विस्तृत सूची
भाजपा द्वारा जारी की गई इस महत्वपूर्ण सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्णा पाण्डेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार के नाम शामिल हैं। इन उम्मीदवारों का चयन पार्टी के संगठनात्मक ढांचे और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखकर किया गया है।
- धर्मपाल सिंह: उत्तर प्रदेश सरकार में पशुधन मंत्री के रूप में कार्यरत हैं और भाजपा के एक कद्दावर नेता हैं। वे बरेली की आंवला विधानसभा सीट से विधायक हैं और योगी आदित्यनाथ सरकार में दो बार मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
- राधाकांत ओझा: प्रयागराज के एक अत्यंत प्रतिष्ठित और वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। वे दो बार इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने जा चुके हैं, जो उनके कानूनी और सामाजिक कद को दर्शाता है।
- प्रकाश पाल: वर्तमान में उत्तर प्रदेश भाजपा के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत कर रहे हैं। इससे पहले वे भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
- विद्यासागर सोनकर: भाजपा के वरिष्ठ दलित नेताओं में गिने जाते हैं। वे पूर्व सांसद और पूर्व विधान परिषद सदस्य (MLC) रह चुके हैं। जौनपुर से आने वाले सोनकर पार्टी में प्रदेश महामंत्री और विधान परिषद में उपनेता जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। वे जौनपुर (मछलीशहर) से लोकसभा सांसद भी रहे हैं।
- गोपी कृष्ण पाण्डेय: भाजपा के वरिष्ठ और समर्पित नेता हैं, जो लंबे समय से जमीनी स्तर पर पार्टी के संगठनात्मक कार्यों और अभियानों का संचालन करते आ रहे हैं। वे एक वरिष्ठ संगठनकर्ता के रूप में जाने जाते हैं।
- प्रियंका सिंह रावत: बाराबंकी से लोकसभा की पूर्व सांसद हैं और उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रमुख महिला चेहरा हैं। वे बाराबंकी निर्वाचन क्षेत्र से 16वीं लोकसभा की सांसद रह चुकी हैं और राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती हैं।
- राम प्रताप सिंह चौहान: उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री और पश्चिम क्षेत्र के प्रभारी हैं। वे आगरा की एत्मादपुर विधानसभा सीट से वर्ष 2017 से 2022 तक भाजपा विधायक रहे हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं।
- श्रुति गंगवार: बरेली की अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वे IIT से पासआउट हैं और वरिष्ठ भाजपा नेता व राज्यपाल संतोष गंगवार की पुत्री हैं। वे बरेली-बहेड़ी क्षेत्र में सामाजिक व राजनीतिक रूप से अत्यधिक सक्रिय हैं।
हरदीप सिंह पुरी का कटा पत्ता
बीजेपी की इस नई सूची में सबसे चौंकाने वाला नाम केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का न होना है और इससे उन चर्चाओं पर पूरी तरह विराम लग गया है, जिनमें उन्हें उत्तर प्रदेश से दोबारा राज्यसभा भेजे जाने की संभावना जताई जा रही थी। उत्तर प्रदेश से जिन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें हरदीप सिंह पुरी के अलावा अरुण सिंह और नीरज शेखर के नाम भी शामिल हैं। पार्टी ने इस बार नए चेहरों को प्राथमिकता देकर भविष्य की राजनीति के संकेत दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई
भाजपा द्वारा उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रत्याशियों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, "आज घोषित हुए सभी सम्मानित प्रत्याशी गणों को हार्दिक बधाई। ” मुख्यमंत्री की इस बधाई ने उम्मीदवारों के उत्साह को और बढ़ा दिया है। 16 अक्टूबर को होने वाले इस चुनाव पर अब सबकी नजरें टिकी हुई हैं।