विज्ञापन

GT vs PBKS: फिर एक और रोमांचक मैच, गुजरात ने पंजाब को 6 विकेट से हराया

GT vs PBKS: फिर एक और रोमांचक मैच, गुजरात ने पंजाब को 6 विकेट से हराया
विज्ञापन

GT vs PBKS: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया। ओपनर शुभमन गिल ने फिफ्टी लगाई, लेकिन आखिरी ओवर में वह आउट हो गए। टीम को 2 गेंदों में 4 रन की जरूरत थी, यहां राहुल तेवतिया ने चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी। पहली पारी में मोहित शर्मा ने 2 विकेट लिए। मोहाली के IS बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पंजाब ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 19.5 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।

शुभमन गिल ने 16वीं IPL फिफ्टी लगाई

गुजरात के ओपनर शुभमन गिल ने आखिर तक बैटिंग की। उन्होंने 41 बॉल में अपने IPL करियर की 16वीं फिफ्टी पूरी की। गिल ने ओपनर रिद्धिमान साहा के साथ 48 और साई सुदर्शन के साथ 41 रन की अहम पार्टनरशिप की। वह 67 रन बनाकर आखिरी ओवर में आउट हुए।

पावरप्ले में तेज शुरुआत

154 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात को रिद्धिमान साहा और शुभमन गिल ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 48 रन की पार्टनरशिप की। साहा 30 रन बनाकर आउट हुए। टीम ने 6 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 56 रन बनाए।

ऐसे गिरे गुजरात के विकेट...

पहला: पांचवें ओवर की चौथी बॉल कगिसो रबाडा ने शॉर्ट पिच फेंकी। रिद्धिमान साहा स्क्वेयर लेग पर कैच आउट हो गए। उन्होंने 30 रन बनाए।

दूसरा: 12वें ओवर की दूसरी गेंद अर्शदीप सिंह ने शॉर्ट पिच फेंकी। साई सुदर्शन लॉन्ग लेग पर कैच आउट हो गए। उन्होंने 19 रन बनाए।

तीसरा: 15वें ओवर की तीसरी बॉल हरप्रीत बरार ने फुलर लेंथ फेंकी। हार्दिक पंड्या लॉन्ग ऑन पर कैच आउट हो गए। उन्होंने 11 गेंद पर 8 रन बनाए।

पंजाब से एक भी फिफ्टी नहीं आई

पंजाब से मैथ्यू शॉर्ट ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। जितेश शर्मा 25, शाहरुख खान 23, सैम करन 22, भानुका राजपक्षा 20, शिखर धवन 8 और ऋषि धवन एक रन बनाकर आउट हुए। प्रभसिमरन सिंह अपना खाता भी नहीं खोल सके। हरप्रीत बरार 8 रन बनाकर नाबाद रहे।

मोहित शर्मा को 2 विकेट

गुजरात के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की और पंजाब के बैटर्स को खुल कर रन बनाने नहीं दिए। मोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। राशिद खान, मोहम्मद शमी, अल्जारी जोसेफ और जोशुआ लिटिल को 1-1 विकेट मिला। 2 बैटर रन आउट हुए।

पावरप्ले में गंवाए 2 विकेट

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही। टीम ने पहले ही ओवर में प्रभसिमरन सिंह का विकेट गंवा दिया। शिखर धवन और मैथ्यू शॉर्ट ने पंजाब की पारी संभाली, लेकिन चौथे ही ओवर में धवन भी कैच आउट हो गए। हालांकि टीम ने 6 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 52 रन बना लिए।

ऐसे गिरे पंजाब के विकेट...

पहला: पहले ओवर की दूसरी बॉल मोहम्मद शमी ने शॉर्ट ऑफ लेंथ फेंकी। प्रभसिमरन सिंह शॉर्ट मिड-विकेट पर राशिद खान के हाथों कैच आउट हो गए।

दूसरा: चौथे ओवर की दूसरी बॉल जोशुआ लिटिल ने लेग स्टंप पर गुड लेंथ फेंकी। शिखर धवन ने आगे निकलकर शॉट खेला, लेकिन मिड-ऑन पर कैच आउट हो गए। धवन ने 8 गेंदों पर 8 रन बनाए।

तीसरा: सातवें ओवर की चौथी बॉल राशिद खान ने मिडिल स्टंप पर गुड लेंथ गूगली फेंकी। मैथ्यू शॉर्ट बोल्ड हो गए। उन्होंने 36 रन बनाए।

चौथा: 13वें ओवर की दूसरी बॉल मोहित शर्मा ने गुड लेंथ पर फेंकी। जितेश शर्मा विकेट के पीछ रिद्धिमान साहा के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने 25 रन बनाए।

पांचवां: 17वें ओवर की पांचवीं बॉल अल्जारी जोसेफ ने लो-फुल टॉस फेंकी। भानुका राजपक्षे डीप मिड-विकेट पर कैच हो गए। उन्होंने 20 रन बनाए।

छठा: 19वें ओवर की पहली बॉल मोहित शर्मा शॉर्ट पिच फेंकी। सैम करन डिप मिड-विकेट पर कैच आउट हो गए। उन्होंने 22 रन बनाए।

सातवां: 20वें ओवर की चौथी बॉल पर दूसरा रन लेने की कोशिश में शाहरुख खान रन आउट हो गए। उन्होंने 9 गेंदों पर 22 रन बनाए।

आठवां: 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेने में ऋषि धवन रन आउट हो गए।

गुजरात ने यश दयाल को बाहर किया

कप्तान हार्दिक पंड्या इंजरी से उभरने के बाद फिर टीम का हिस्सा बने हैं। यश दयाल की जगह मोहित शर्मा को जगह मिली है। यश के खिलाफ पिछले मैच में KKR के खिलाफ आखिरी ओवर में लगातार 5 छक्के लगे थे, जिस कारण टीम मैच हार गई थी। विजय शंकर दूसरी पारी में बतौर इम्पैक्ट प्लेयर टीम का हिस्सा होंगे।

पंजाब में रबाडा, राजपक्षा की वापसी

पंजाब के कप्तान शिखर धवन ने नाथन एलिस की जगह कगिसो रबाडा और सिकंदर रजा की जगह भानुका राजपक्षा को प्लेइंग-11 में शामिल किया है। मोहित राठी या राहुल चाहर दूसरी पारी में बतौर इम्पैक्ट प्लेयर टीम का हिस्सा होंगे। लियाम लिविंगस्टोन टीम का हिस्सा नहीं हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), शुभमन गिल, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, विजय शंकर, राहुल तेवतिया, डेविड मिलर, राशिद खान, मोहम्मद शमी, जेशुआ लिटिल, मोहित शर्मा और अल्जारी जोसेफ।

इम्पैक्ट प्लेयर्स: विजय शंकर, जयंत यादव, श्रीकर भरत, अभिनव मनोहर।

पंजाब किंग्स: शिखर धवन (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, मैथ्यू शॉर्ट, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), भानुका राजपक्षा, शाहरुख खान, सैम करन, कगिसो रबाडा, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह और ऋषि धवन।

इम्पैक्ट प्लेयर्स: मोहित राठी, राहुल चाहर, हरप्रीत भाटिया, अथर्व तायड़े।

विज्ञापन