विज्ञापन

अशनूर कौर का शॉकिंग ट्रांसफॉर्मेशन: बिग बॉस 19 में बॉडी शेमिंग के बाद 6 महीने में घटाया वजन

अशनूर कौर का शॉकिंग ट्रांसफॉर्मेशन: बिग बॉस 19 में बॉडी शेमिंग के बाद 6 महीने में घटाया वजन
विज्ञापन

टीवी एक्ट्रेस अशनूर कौर 'बिग बॉस 19' के दौरान काफी चर्चा में रही थीं। अपने गेम और अभिषेक बजाज के साथ अपनी दोस्ती के साथ-साथ वह को-कंटेस्टेंट्स द्वारा वजन पर किए गए तंज को लेकर भी काफी सुर्खियों में रहीं, जिसने उन्हें काफी निराश कर दिया था। शो के दौरान तान्या मित्तल और नीलम गिरी बैठकर अशनूर को बॉडी शेम करती नजर आई थीं, जिसकी पोल खुलने पर जहां दोनों को होस्ट सलमान खान से जमकर फटकार पड़ी थी, वहीं ये सब सुनकर अशनूर रो पड़ी थीं। अब शो खत्म होने के महज 6 महीने के भीतर अशनूर ने अपने जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन से सभी को हैरान कर दिया है।

बिग बॉस में झेली थी बॉडी शेमिंग

शो के दौरान अशनूर ने बताया था कि कैसे वह लंबे समय से वजन बढ़ने की दिक्कतों से घिरी हुई हैं, जिसके चलते कई बार उन्हें खाना खाने पर भी गिल्ट महसूस होता है। तान्या मित्तल और नीलम गिरी द्वारा किए गए कमेंट्स के बाद अशनूर का काफी भावनात्मक ब्रेकडाउन हुआ था। हालांकि, शो से बाहर आने के बाद उन्होंने इसे एक चुनौती के रूप में लिया और अपनी फिटनेस पर काम करना शुरू किया। अशनूर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी नई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें उनका बदला हुआ अवतार साफ नजर आ रहा है।

ट्रांसफॉर्मेशन का राज और कड़ी मेहनत

अशनूर कौर ने टेली चक्कर के साथ बातचीत में अपने ट्रांसफॉर्मेशन पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि बिग बॉस 19 से बाहर आने के बाद से ही वह अपना वजन कम करने में जुटी थीं। अशनूर ने कहा, 'बहुत मेहनत लगती है। मैं 6 महीने से वजन कम करने में लगी थी। ' उन्होंने बताया कि वह ढाई महीने तक लिक्विड डाइट पर रहीं और दिन में दो बार वर्कआउट करती हैं। वह सुबह उठकर एक्सरसाइज करती हैं और शाम को भी आधे घंटे वॉक करती हैं।

5-6 साल का लंबा संघर्ष और स्वास्थ्य चुनौतियां

अशनूर ने साझा किया कि वह पिछले 5-6 साल से वजन कम करने की कोशिश कर रही थीं। बचपन से कैमरे के सामने काम करने के कारण उन पर अच्छा दिखने का दबाव हमेशा रहा है। उन्होंने वजन कम करने के लिए कई चीजें ट्राई कीं, जिनमें ट्रेनर रखना, वर्कआउट करना और खुद को भूखा रखना भी शामिल था और बाद में उन्हें समझ आया कि यह सब हार्मोन इंबैलेंस के चलते हो रहा था, जिसके बारे में उन्होंने बिग बॉस के घर में भी जिक्र किया था। शो से बाहर आने के बाद उन्होंने नए सिरे से शुरुआत की और सही दिशा में मेहनत की।

हाल ही में अशनूर एक इवेंट में ब्लैक ड्रेस पहनकर रैंप वॉक करती नजर आईं, जहां वह शो स्टॉपर थीं। इन तस्वीरों और वीडियो में उनका ट्रांसफॉर्मेशन देख लोग हैरान रह गए और उनके कमिटमेंट की जमकर तारीफ कर रहे हैं। इससे पहले भी अशनूर ने ग्रीन शॉर्ट ड्रेस में अपनी कुछ तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें उनका बदलाव स्पष्ट रूप से देखने लायक था। अशनूर की यह यात्रा उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो स्वास्थ्य समस्याओं के कारण वजन कम करने में कठिनाई महसूस करते हैं।

विज्ञापन