देश: बढ़ते प्रदूषण को छिपाने के लिए यमुना के तट पर छठ पूजा पर लगाई गई रोक: मनोज तिवारी

देश - बढ़ते प्रदूषण को छिपाने के लिए यमुना के तट पर छठ पूजा पर लगाई गई रोक: मनोज तिवारी
| Updated on: 08-Nov-2021 05:29 PM IST
नई दिल्ली: आज 'नहाय-खाय' के साथ छठ पूजा की शुरुआत हो गई है। महापर्व के पहले दिन श्रद्धालु पवित्र जल में स्नान करते हैं। दिल्ली के कालिंदी कुंज स्थित यमुना किनारे सुबह कुछ आस्थावान महिलाएं पहुंचीं, तो उन्हें जहरीले झागों के बीच डुबकी लगानी पड़ी। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। इसके बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने दिल्ली सरकार को घेरना शुरू कर दिया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने इन तस्वीरों को कोट करते हुए लिखा, 'क्या हाल कर दिया आप ने दिल्ली का, ये आज की यमुना नदी की तस्वीरें काफी चिंताजनक हैं और ये तस्वीरें बयान करती हैं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने पूर्वांचलियों की आस्था के पर्व छठ पूजा को यमुना नदी के तट पर मनाने से रोक क्यों लगाई? पोल जो खुल जाती.. पहुंच रहा हूं इस घाट पर सचाई दिखाने'।

सरकार को बर्खास्त करे ​सुप्रीम कोर्ट

कालिंदी कुज के यमुना घाट पहुंचे मनोज तिवारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को इसका स्वत: संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सरकार (दिल्ली सरकार) को बर्ख़ास्त करना चाहिए। 7 साल बाद दिल्ली सरकार अगर यहां के लोगों को ये तस्वीर देती है तो उनको पद पर रहने का अधिकार नहीं है। यमुना में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यमुना की यह स्थिति देखकर मन से कुछ नहीं निकल रहा है। तिवारी ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री से नहीं चल रहा है तो उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। एलजी पर बीजेपी का आदमी होने के आम आदमी पार्टी के आरोप तिवारी काफी बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि सीएम को चुल्लु भर पानी में डूब मरना चाहिए जो इस तरह के आरोप लगा रहे हैं।

​7 साल में यमुना को साफ नहीं किया

मनोज तिवारी ने कहा कि आज दिल्ली ऐसा दृश्य देख रही है जिस पर केजरीवाल सरकार को माफ नहीं किया जा सकता है। वहीं, बीजेपी के एक अन्य सांसद प्रवेश वर्मा ने भी केजरीवाल सरकार को निशाने पर लिया। महिलाओं के साथ प्रदर्शन की अगुवाई में प्रवेश वर्मा यमुना घाट पहुंच गए। प्रवेश वर्मा ने फावड़ा उठा कर प्रतीकात्मक रूप से कुंड का निर्माण किया। प्रवेश वर्मा ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने पिछले 7 साल में यमुना को साफ नहीं किया।

​जहरीली यमुना में डुबकी लगाने को मजबूर

बीजेपी आईटी सेल के इंचार्ज अमित मालवीय ने ट्वीट में यमुना की गंदगी और यमुना किनारे छठ पूजा की अनुमति नहीं देने के मुद्दे को उठाया। मालवीय ने अपने ट्वीट में लिखा छठ पूजा कर रहे श्रद्धालु जहरीली यमुना में डुबकी लगाने को मजबूर हैं। दिल्ली में बड़ी तादाद में लोग छठ मनाते हैं और ये तस्वीर जो लोग छठ मनाते हैं उनको सुविधाएं मुहैया कराने के प्रति उनके समर्पण को प्रदर्शित करता है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली का यह हाल कर दिया है। शर्मनाक!

​महिलाओं ने जहरीले झाग के बीच किया स्नान

दिल्ली में छठ पूजा के पहले दिन यमुना नदी में जहरीले झाग के बीच श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में स्नान किया। एक श्रद्धालु महिला ने कहा कि यहां पानी बहुत गंदा है लेकिन छठ पूजा में नहाना पड़ता है इसलिए हम नहाने आए हैं।

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।