भारत ने पेश किया 2036 ओलंपिक का रोडमैप और अहमदाबाद का विजन, पढ़ें पूरी रिपोर्ट विस्तार से

Add as Preferred Source on Google News →
विज्ञापन
भारत ने पेश किया 2036 ओलंपिक का रोडमैप और अहमदाबाद का विजन, पढ़ें पूरी रिपोर्ट विस्तार से
विज्ञापन

भारत में ओलंपिक खेलों की मेजबानी का सपना अब एक कदम और आगे बढ़ता नजर आ रहा है। साल 2036 में होने वाले ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने के लिए भारत ने इंटरनेशनल ओलंपिक समिति यानी आईओसी के सामने अपना विजन और तैयारियों का खाका पेश किया है। छब्बीस नवंबर को आईओसी के फ्यूचर होस्ट कमीशन के साथ ऑनलाइन हुई बैठक में भारत ने स्पोर्ट्स फेसेलिटी के डेवलेपमेंट से लेकर आयोजन की योजना तक अपनी तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान संभावित मेजबान शहर अहमदाबाद की क्षमताओं पर भी खास जोर दिया गया।

भारतीय ओलंपिक संघ की ओर से जारी बयान के मुताबिक, भारत की प्रेजेंटेशन करीब 30 मिनट तक चली। इसके बाद आईओसी के फ्यूचर होस्ट कमीशन के 9 सदस्यों के साथ लगभग 20 मिनट तक चर्चा हुई। इस कमीशन की अध्यक्षता कोलिंडा ग्राबर-कितारोविच कर रही हैं। प्रेजेंटेशन में अहमदाबाद में मौजूद खेल बुनियादी ढांचे, प्रस्तावित स्पोर्ट्स वेन्यू और उनके विकास की योजनाओं की जानकारी दी गई और इसके अलावा केंद्र सरकार, गुजरात सरकार और अहमदाबाद प्रशासन की ओर से भारतीय ओलंपिक संघ को मिल रहे सहयोग का भी जिक्र किया गया। भारत ने इंटरनेशनल लेवल के बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी के अपने अनुभव और ओलंपिक के लिए दीर्घकालिक तैयारियों का खाका भी सामने रखा।

2036 ओलंपिक की मेजबानी की दौड़ में भारत अकेला नहीं है। जर्मनी, हंगरी, कतर, साउथ कोरिया, साउथ अफ्रीका और तुर्किये भी इस आयोजन की मेजबानी में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इस तरह भारत समेत सात देश इस दौड़ में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तुर्किये फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपनी पहली प्रस्तुति पहले ही दे चुका है। भारत की दावेदारी के लिहाज से अगला अहम कदम दिसंबर में उठाया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, आईओसी दिसंबर के तीसरे सप्ताह में एक गुमनाम सर्वे कराएगा। इसके जरिए भारत की ओलंपिक मेजबानी की दावेदारी को लेकर आम लोगों की राय जानने की कोशिश की जाएगी।

इस सर्वे के नतीजे अगले साल मार्च में भारत की दावेदारी के मूल्यांकन में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके बाद स्ट्रैटेजिक डायलॉग का चरण शुरू होगा। इस प्रक्रिया में मेजबानी की इच्छुक देशों को फ्यूचर होस्ट प्रश्नावली का शुरुआती जवाब देने के साथ आयोजन के लिए जरूरी वित्तीय गारंटी भी पेश करनी होगी। गुरुवार को हुई ऑनलाइन प्रस्तुति में भारत की ओर से खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा, आईओसी में भारत की प्रतिनिधि नीता अंबानी और आईओए एथलीट्स कमीशन की प्रमुख एवं बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु शामिल हुईं। इनके अलावा गुजरात के खेल मंत्री हर्ष सांघवी और आईओए के सीईओ रघुराम अय्यर समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

विज्ञापन