अहमदाबाद । देश कोरोना संक्रमण के दौर में है। सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क, सैनिटाइजेशन जैसी चीजें अब आम जिंदगी का हिस्सा बन गई हैं। सियासत और चुनाव भी इससे अछूते नहीं हैं। भाजपा ने भी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए इन बदलावों को ध्यान में रखकर प्रचार की रणनीति तैयार की है। भाजपा का फोकस डिजिटल प्रचार पर है।
वोटर्स तक पहुंचने के लिए 72 हजार वॉट्सएप ग्रुप बनाए जा रहे हैं, इनके जरिए पार्टी मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाएगी। भाजपा ने दो महीने पहले ही चुनाव में डिजिटल माध्यमों को ब्रह्मास्त्र बनाने की तैयारी शुरू कर दी थी। बिहार के वोटर्स के घर-घर तक पहुंचने के लिए 9600 कार्यकर्ताओं की टीम तैयार कर दी गई है।
लॉकडाउन के दौरान ही प्लान बनाया गया
इस प्रचार से जुड़े भाजपा नेता ने बताया- देशभर में जब लॉकडाउन जारी था, तब से ही भाजपा के आईटी सेल के नेताओं ने ऑनलाइन मीटिंग करके बिहार चुनाव प्रचार में आईटी सेल की तैयारी शुरू कर दी थी। कोरोना महामारी के कारण परंपरागत सभाएं, रैलिां और डोर-टू-डोर प्रचार मुश्किल होगा, इस वजह से कार्यकर्ताओं ने वॉट्सऐप ग्रुप बनाकर प्रचार करने की योजना बनाई। आईटी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित मालवीय और बिहार प्रांत भाजपा आईटी सेल प्रमुख संजय जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को जोड़ना शुरू कर दिया है।
कैसा होगा भाजपा का डिजिटल प्रचार ?
भाजपा ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान विधानसभा के चुनाव के दौरान 60 से भी ज्यादा ई-रैलियां की थीं। 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद सभी चुनावों में भाजपा कई सेमिनार आयोजित किए थे और उनके अच्छे परिणाम भी मिले थे।