Coronavirus: कोरोना का प्रकोप जारी, 24 घंटे में 9838 संक्रमित बढ़े, अब देश में 2 लाख 26 हजार 713 मामले

Coronavirus - कोरोना का प्रकोप जारी, 24 घंटे में 9838 संक्रमित बढ़े, अब देश में 2 लाख 26 हजार 713 मामले
| Updated on: 05-Jun-2020 09:17 AM IST
नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या 2 लाख 26 हजार 713 हो गई। गुरुवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 9838 नए मामले सामने आए। इससे पहले बुधवार को भी 9638 मरीज मिले थे। महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 77 हजार, तमिलनाडु में 27 हजार और दिल्ली में 25 हजार के पार पहुंच गई है। 

देश में मध्य प्रदेश संक्रमितों के मामलों में छठवें से सातवें नंबर पर आ गया है। पहले महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश आगे थे। लेकिन पिछले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ। उसने मध्य प्रदेश को पीछे छोड़ दिया। उधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पूरे देश की तुलना में मध्य प्रदेश में लगभग 2% नए संक्रमित मरीज पाए गए हैं, जबकि पहले यह 8% तक थे। राज्य का रिकवरी रेट 64.3% हो गया है, जबकि देश 47.9% है।

महाराष्ट्र में अब तक एक दिन के सबसे ज्यादा मामले  

महाराष्ट्र में गुरुवार को 2933 केस सामने आए। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यानी कल संक्रमितों में 14.57% का इजाफा हुआ। इससे पहले बुधवार को 2560 केस आए थे। उधर, देश में मौतों में भी तेजी से इजाफा होता जा रहा है। गुरुवार को 274 मौतें हुईं। इसके साथ देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 2710 हो गई है। पिछले साथ दिन से देश में 200 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है।

5 राज्यों का हाल

मध्य प्रदेश: यहां गुरुवार को 174 पॉजिटिव मरीज मिले और 6 लोगों की जान गई। भोपाल में 58, इंदौर में 36, बुरहानपुर में 11, सागर और नीमच में 10-10 जबकि ग्वालियर में 7 संक्रमित बढ़े हैं।भोपाल में मरीजों की संख्या 1630 हो गई। उधर, राज्य में अब तक 8762 कोरोना के मरीज मिल चुके हैं। 377 ने जान गंवाई।

महाराष्ट्र: यहां गुरुवार को 2933 नए मामले सामने आए। एक दिन में सबसे ज्यादा 123 लोगों की मौत हुई और 1352 ठीक हुए। प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 77 हजार 793 तक पहुंच गई है। अकेले मुंबई में ही 44 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। राज्य में अब तक 2710 लोगों ने कोरोना से जान गंवाई।

बिहार: प्रदेश में गुरुवार को 126 पॉजिटिव मरीज सामने आए और 3 की मौत हुई। खगड़िया में 12, पूर्णिया में 13, गोपालगंज में 10, पटना में 5 जबकि बांका, गया, सहारसा और मधेपुरा में 4-4 संक्रमित मिले। राज्य में अब मरीजों की संख्या 4452 हो गई है। 28 लोगों ने कोरोना के कारण जान गंवाई है। 

उत्तर प्रदेश: राज्य में गुरुवार को 367 संक्रमित मरीज मिले। नए मरीजों की संख्या लगातार तीसरे दिन 300 से ज्यादा बढ़ी। इन नए केसों में 62 प्रवासी श्रमिक हैं। अब तक 2466 प्रवासी श्रमिक संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों का आंकड़ा 9237 हो गया, जबकि 245 मरीजों की मौत हुई है।

राजस्थान: यहां गुरुवार को 210 नए मरीज सामने आए और 4 की मौत हुई। भरतपुर में 49, जोधपुर में 29, चूरू में 25, जयपुर और सीकर में 12-12 जबकि कोटा में 7 पॉजिटिव मिले। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 9862 हो गई है। प्रदेश में अब तक 213 मरीज जान गंवा चुके हैं।

Disclaimer

अपनी वेबसाइट पर हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर अनुभव प्रदान कर सकें, वेबसाइट के ट्रैफिक का विश्लेषण कर सकें, कॉन्टेंट व्यक्तिगत तरीके से पेश कर सकें और हमारे पार्टनर्स, जैसे की Google, और सोशल मीडिया साइट्स, जैसे की Facebook, के साथ लक्षित विज्ञापन पेश करने के लिए उपयोग कर सकें। साथ ही, अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।