अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दूसरे दौर की बातचीत के संबंध में एक बड़ा खुलासा किया है। मंगलवार (14 अप्रैल) को ट्रंप ने न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्टर कैटलिन डूर्नबोस को सीधे फोन किया और उन्हें निर्देश दिया कि वह इस्लामाबाद में ही रुकें। ट्रंप ने बताया कि वहां 48 घंटे के भीतर ईरान के साथ समझौते को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हो सकती है। कैटलिन पिछले सप्ताह पहले दौर की बातचीत को कवर करने के लिए इस्लामाबाद पहुंची थीं।
ट्रंप का फोन और 48 घंटे का अल्टीमेटम
बीबीसी उर्दू से बातचीत के दौरान कैटलिन डूर्नबोस ने बताया कि वह इस्लामाबाद में इवेंट कवर करने के बाद वापस जाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान पाकिस्तान में दूसरे दौर की बैठक होने की अफवाहें उड़ने लगीं। जब इस बारे में राष्ट्रपति ट्रंप से जानकारी मांगी गई, तो लगभग 37 मिनट बाद ट्रंप ने स्वयं कैटलिन को फोन किया। ' रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच यह दूसरी पीस डील बैठक 18 या 19 अप्रैल को इस्लामाबाद में हो सकती है।
कौन हैं पत्रकार कैटलिन डूर्नबोस?
कैटलिन डूर्नबोस वर्तमान में न्यूयॉर्क पोस्ट में विदेश और राष्ट्रीय मामलों की संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं और व्हाइट हाउस की रिपोर्टिंग भी करती हैं।
बैठक के लिए इस्लामाबाद का चयन और आसिम मुनीर की तारीफ
जब कैटलिन ने ट्रंप से पूछा कि दूसरे दौर की बैठक के लिए इस्लामाबाद को ही क्यों चुना गया, तो ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वह उन देशों को नहीं चुनेंगे जिनका इस संघर्ष से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, ईरान का पड़ोसी मुल्क है। इस दौरान ट्रंप ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की भी सराहना की और ट्रंप का मानना है कि मुनीर अमेरिका के साथ गलत नहीं कर सकते, इसलिए वहां वापस जाने की संभावना अधिक है।
ईरान और परमाणु हथियार पर ट्रंप का रुख
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार न हों। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरा समझौता इसी एक बिंदु पर केंद्रित है। ट्रंप के अनुसार, बाकी सभी बातें केवल कहने के लिए हैं, जिन्हें वह पसंद नहीं करते हैं। कैटलिन ने राष्ट्रपति के इस फोन कॉल के बाद फिलहाल इस्लामाबाद में ही रुकने का निर्णय लिया है।